मशहूर भारतीय MMA फाइटर संग्राम सिंह पेशेवर मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में फिर इतिहास रचने को तैयार हैं। अब वह फरवरी 2025 में संयुक्त राज्य अमेरिका में ‘जंग’ के लिए तैयार हैं। खास यह कि संग्राम सिंह ने जब यह अपनी अगली MMA फाइट की घोषणा की थी तब अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन थे, लेकिन जब वह इस चुनौती के लिए रिंग में उतरेंगे तब डोनाल्ड ट्रंप के हाथों में अमेरिका की कमान होगी। डोनाल्ड ट्रंप का 6 नवंबर 2024 को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में चुना जाना पक्का हुआ।

संग्राम ने किया अपनी अगली फाइट का ऐलान

संग्राम सिंह को हाल ही में कैलिफोर्निया के सनीवेल में प्रतिष्ठित इंटरनेशनल इनोवेटर्स चेंज मेकर्स अवार्ड 2024 से सम्मानित किया गया। उसके बाद ही संग्राम सिंह ने अपनी अगली फाइट का ऐलान किया। संग्राम सिंह ने कुछ दिन पहले ही MMA में डेब्यू किया था। उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही इतिहास रच दिया था। संग्राम सिंह ने अपने डेब्यू मैच में पाकिस्तानी फाइटर अली रजा नासिर को हराया था। इसके साथ ही वह कर MMA में पाकिस्तानी फाइटर को हराने वाले पहले भारतीय पुरुष पहलवान बन गए थे।

कुश्ती में कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियन से MMA के अग्रणी खिलाड़ियों में शामिल होने तक का उनका सफर संग्राम सिंह की असाधारण प्रतिभा और अटूट दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। संग्राम सिंह की उपलब्धियों ने न केवल भारत बल्कि विदेश में भी कई महत्वाकांक्षी एथलीट्स को प्रेरित किया है।

अमेरिका में होने वाली अपनी फाइट के बारे में बताते हुए संग्राम सिंह ने कहा, ‘मार्शल आर्ट की यात्रा कभी खत्म नहीं होती। यह केवल विकसित होती है। इंटरनेशनल इनोवेटर्स चेंज मेकर्स अवार्ड से सम्मानित होने से नई राह बनाने की मेरी प्रतिबद्धता और बढ़ गई है।’ 40 की उम्र में कई एथलीट जहां संन्यास लेने के बारे में सोचते हैं, वहीं संग्राम सिंह नई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

उम्र आपके सपनों को परिभाषित नहीं करती, निखारती है

हरियाणा के रोहतक में 21 जुलाई 1985 को जन्में संग्राम सिंह ने जोर देते हुए कहा, ‘संयुक्त राज्य अमेरिका में यह मुकाबला न केवल मेरी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा का प्रतिनिधित्व करता है, बल्कि हर उस एथलीट के लिए एक संदेश है, जिसे बताया गया है कि अब उनका समय बीत चुका है। यह साबित करने के बारे में है कि उम्र आपके सपनों को परिभाषित नहीं करती, बल्कि उन्हें निखारती है।’

गठिया का मरीज होने के बावजूद संग्राम सिंह ने सभी बाधाओं को पार करते हुए अंतरराष्ट्रीय कुश्ती में कदम रखा। साल 2012 में विश्व के सर्वश्रेष्ठ पेशेवर पहलवान का पुरस्कार पाने वाले इस एथलीट ने 2015 और 2016 के कॉमनवेल्थ हैवीवेट चैंपियनशिप में भी जीत दर्ज की। संग्राम सिंह का टीवी और फिल्मी करियर भी सफल रहा। उन्होंने कई रियलिटी शो में हिस्सा लिया और बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया।