रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) की ओर से सोमवार को सीनियर एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप और एशियाई ओलंपिक खेल क्वालीफायर के लिए टीमों का चयन करने के लिए सीनियर पहलवान बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट और संन्यास ले चुकीं साक्षी मलिक को ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया था। कुश्ती संघ के इस इन्विटेशन के बाद साक्षी मलिक ने WFI के अध्यक्ष संजय सिंह पर जोरदार हमला बोला है।
क्या कहा साक्षी मलिक ने?
साक्षी मलिक ने एक ट्विटर पोस्ट के जरिए कहा है, “टूटे दिल और बड़े दुखी मन से संजय सिंह उर्फ बृजभूषण शरण का भारतीय कुश्ती संघ में स्वागत है। अब दोबारा से लखनऊ में कैम्प लगा करेगा, नंदनीनगर में नेशनल होंगे और देश की, विशेषतौर पर हरियाणा की बहन बेटियों के साथ शोषण की सारी हदें पार की जाएंगी। इनको रोकने वाला कोई नहीं है, क्योंकि ये लोग इस देश की सरकार और जनता दोनों से बड़े हैं।”
संजय सिंह के विरोध में साक्षी ने लिया था संन्यास
साक्षी मलिक ने ट्वीट में आगे कहा है कि बधाई हो ये देश एक बार फिर महिलाओं के सम्मान की हत्या का गवाह बन गया। मैं उन सभी की तहे दिल से आभारी हूं जिन्होंने हमारा साथ दिया, जिनकी संवेदना इस नारी विरोधी युग में आज भी ज़िंदा है। जय हिन्द जय भारत। बता दें कि साक्षी मलिक ने संजय सिंह के चुनाव जीतने के बाद ही मीडिया के सामने कुश्ती से संन्यास की घोषणा कर दी थी। उन्होंने अपने जूते मीडिया के सामने रखकर ये ऐलान किया था।
10 मार्च से शुरू होंगे ट्रायल
बता दें कि भारतीय कुश्ती संघ ने घोषणा की है कि दोनों आगामी टूर्नामेंट के लिए ट्रायल के.डी. में आयोजित किए जाएंगे। जाधव कुश्ती इंडोर स्टेडियम नई दिल्ली में 10 मार्च से शुरू हो रही है। संजय सिंह के नेतृत्व वाले डब्ल्यूएफआई ने सभी राज्य संघों से भी अनुरोध किया कि वे पहलवानों को ट्रायल में भाग लेने के लिए सूचित करें।
