पूर्व जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियन सागर राणा की हत्या के मामले में गायब ओलंपिक पदक विजेता रेसलर सुशील कुमार के बारे में सूचना देने वाले को दिल्ली पुलिस एक लाख रुपए इनाम में देगी। नई दिल्ली में छत्रसाल स्टेडियम की पार्किंग के बाहर सागर राणा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार (15 मई) को सुशील के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था।
सुशील कुमार ने अग्रिम जमानत के लिए रोहिणी कोर्ट में याचिका भी दी है, जिस पर मंगलवार को रोहिणी कोर्ट में सुनवाई है। पुलिस ने सुशील को लेकर एक लाख रुपए के इनाम के घोषणा के साथ यह भी कहा कि ओलंपिक चैंपियन पहलवान के पीए अजय की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। दिल्ली पुलिस की जांच में सुशील के कई गैंगस्टरों से सांठगांठ की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि छत्रसाल स्टेडियम में गैंगस्टर के गुर्गे आते थे।
सुशील को ढूंढने के लिए पुलिस झज्जर, गुरुग्राम, पानीपत, और सोनीपत सहित कई जगहों पर दबिश दे रही है। उनके खिलाफ हत्या, अपहरण और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुमार के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने के लिए अदालत में एक आवेदन दिया था। उसे मंजूरी मिल गई थी। इसके अलावा दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सरकार को पत्र लिखकर कहा है कि पीड़ितों द्वारा सुशील कुमार और उनके सहयोगी अजय कुमार का नाम लिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए।
सागर राणा के पिता अशोक धनखड़ ने कहा था, ‘‘सुशील को वह (राणा) अपना गुरु मानता था। वह लगभग आठ वर्षों से छत्रसाल में था। मैंने अपने बेटे को छत्रसाल अखाड़ा चलाने वाले महाबली सतपाल को सौंप दिया। उन्होंने उसे एक अच्छा पहलवान बनाने का वादा किया। उसने पदक जीते हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उसे छत्रसाल का हिस्सा होने पर गर्व था। पर गुरु होते हुए भी…।’’