दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में से एक सचिन तेंदुलकर ने इस बात का खुलासा किया है कि उन्होंने अपर कट का ईजाद कैसे किया था। सचिन के इस शॉट को क्रिकेट फैंस काफी पसंद करते थे। उनके बाद वीरेंद्र सहवाग ने इसे सबसे बेहतर तरीके से खेला। सचिन ने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा कि उन्होंने कभी भी इस शॉट को लेकर अलग से अभ्यास नहीं किया और न ही उन्होंने विशेष रूप से इस शॉट को खेलने की योजना बनाई थी।
सचिन ने इस शॉट से जुड़े सवाल पर कहा, ‘‘अपर कट एक ऐसा शॉट है जिसका अभ्यास मैंने नहीं किया था। यह 2002 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पहली बार हुआ था। हम ब्लूमफोंटेन में टेस्ट मैच खेल रहे थे। वहां पर मखाया एंटिनी लगातार शॉट गेंद कर रहे थे। गेंद हमेशा बाहर की ओर जाता था। दक्षिण अफ्रीका में बाउंस ज्यादा होता था तो गेंद शरीर से दूर जाता था। हम कई बार कहते हैं कि गेंद के ऊपर जाओ और मेरे जैसे ऊंचाई वाले खिलाड़ी को कोई बाउंस करे तो गेंद के ऊपर जाना मुश्किल हो जाता है। इसलिए गेंद के ऊपर जाने से बेहतर था गेंद के नीचे होकर शॉट मारना।’’
सचिन ने कहा, ‘‘टेस्ट मैच में तो थर्ड मैन पर फील्डर नहीं होता है। इसलिए मैंने सोचा कि उसको (गेंद) नीचे रखने की जगह गेंदबाज की तेजी के सहारे थर्ड मैन पर शॉट खेलो। किसी तेज गेंदबाज को अगर डॉट बॉल फेंकना होता है तो वह शॉर्ट गेंद ज्यादा करता है। मैं उस शॉर्ट गेंद पर चौका लगा देता था। मैंने कभी इसके बारे में प्लान नहीं किया। बहुत बार विकेट पर जाकर नैसर्गिक तौर पर यह हो जाता है।’’
आईपीएल में जसप्रीत बुमराह-ट्रेंट बोल्ट की जोड़ी और कगिसो रबाडा और एनरिच नोर्त्जे की जोड़ी में कौन बेहतर है। इस पर सचिन ने बुमराह और बोल्ट की जोड़ी को चुना। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों बिल्कुल अलग तरह के गेंदबाज हैं। बुमराह का एक्शन अलग है। यह यूनिक है। उनकी गेंदों को खेलने में समय कम मिलता है। दूसरी ओर, बोल्ट स्विंग बेहतरीन करवाते हैं। वे दिमाग से गेंदबाजी करते हैं। दिल्ली के पास भी बेहतरीन गेंदबाज हैं। रबाडा और नोर्त्जे के पास पेस है। रबाडा अलग-अलग तरह की गेंद करते हैं। नोर्त्जे पहले से बेहतर हुए हैं।’’