भारतीय क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर इन दिनों अपने परिवार संग छुट्टियों का आनंद ले रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें वह मध्यप्रदेश के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगर महेश्वर की खूबसूरती की तारीफ करते नजर आए। सचिन तेंदुलकर ने अपनी पोस्ट में कई तस्वीरें शेयर कीं।

तस्वीरों में सचिन तेंदुलकर से उनकी बेटी सारा तेंदुलकर, पत्नी अंजलि और बेटे अर्जुन की मंगेतर और होने वाली बहू सानिया चंडोक भी दिखाई दीं। इसके अलावा और भी कई करीबी मौजूद थे। हालांकि, अर्जुन तेंदुलकर नहीं दिखे।

मध्यप्रदेश: अतुल्य भारत का दिल

सचिन तेंदुलकर की यह फैमिली ट्रिप सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। सचिन तेंदुलकर ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ‘महेश्वर। यह वह जगह है, जो दिखाती है कि क्यों मध्यप्रदेश को ‘अतुल्य भारत का दिल’ कहा जाता है। यहां संस्कृति, इतिहास, विरासत और मेहमाननवाजी सब एक साथ देखने को मिलते हैं। अहिल्या किला से लेकर शांत नर्मदा नदी तक, सब कुछ अद्भुत था। परिवार के साथ बिताए गए ये कुछ दिन वाकई यादगार रहे।’

अहिल्याबाई होल्कर की कर्मभूमि है महेश्वर

बता दें कि महेश्वर, नर्मदा नदी के किनारे बसा वह नगर है, जो मराठा साम्राज्ञी अहिल्याबाई होल्कर की कर्मभूमि रहा है। यहां का अहिल्या किला, घाट और नर्मदा आरती सैलानियों को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक अनुभव कराते हैं। सचिन तेंदुलकर ने जिस तरह इस स्थान की खूबसूरती का जिक्र किया, उससे साफ है कि उन्हें यहां आकर भारतीय परंपरा और संस्कृति का एक अद्वितीय संगम देखने को मिला।

फैंस भी इस पोस्ट पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोग लिख रहे हैं कि सचिन तेंदुलकर ने जिस जगह को ‘भारत का दिल’ कहा है, उसे हर भारतीय को अपनी जिंदगी में एक बार जरूर देखना चाहिए। सचिन और उनके परिवार की यह यात्रा न सिर्फ उनकी यादों में बस गई, बल्कि महेश्वर की लोकप्रियता को भी फिर देश-दुनिया के सामने लेकर आई है।