इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में गुजरात टाइटंस (GT) के स्पिनर राशिद खान हाल ही में चोट से उबरे हैं। आईपीएल 2024 से तुरंत पहले फिट हुए। हालांकि, ‘करामाती खान’ के नाम से मशहूर अफगानिस्तान का यह स्पिनर अभी तक जादू देखने को नहीं मिला है। पांच मैचों में उनका प्रदर्शन फीका ही रहा है। गुजरात टाइटंस को बुधवार (10 अप्रैल) को राजस्थान रॉयल्स (RR) से मैच खेलना है। इस मैच में राशिद खान को संजू सैमसन से सतर्क रहना होगा।
राशिद खान के खिलाफ संजू सैमसन का बल्ला खूब चलता है। आईपीएल में राशिद के खिलाफ संजू से ज्यादा किसी बल्लेबाज ने रन नहीं बनाए हैं। उन्होंने 96 गेंद पर 115.63 की स्ट्राइक रेट से 111 रन बनाए हैं। केवल एक बार ही आउट हुए हैं। ऐसे में राजस्थान और गुजरात के बीच मैच में राशिद की परीक्षा होगी। राशिद मिडिल ओवर्स में गेंदबाजी करने आते हैं। तब संजू क्रीज पर होते हैं। यानी इन दोनों का मुकाबला फैंस को देखने को जरूर मिलेगा।
आईपीएल 2024 में संजू सैमसन और राशिद खान का प्रदर्शन
संजू सैमसन इस सीजन में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 4 मैच में 59.33 की औसत और 150.85 की स्ट्राइक रेट से 178 रन बनाए हैं। इनमें 2 अर्धशतक शामिल है। नाबाद 82 उनका सर्वोच्च स्कोर है। 8 छक्के और 17 चौके उन्होंने जड़े हैं। उन्होंने केवल 118 गेंद का सामना किया है। वहीं राशिद खान के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 5 मैच में 120 गेंद किए हैं। 34.60 की औसत और 8.65 की इकॉनमी से 5 विकेट लिए हैं। 49 रन देकर 2 विकेट उनका सर्वोच्च प्रदर्शन है।
राशिद खान के सामने नहीं चलता जोस बटलर का बल्ला
जोस बटलर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)के खिलाफ शतक जड़ा था। वह फॉर्म में वापस आ गए हैं। इस बीच राशिद खान उनके लिए खतरा हो सकते हैं। इस गेंदबाज के खिलाफ 72 गेंद पर उन्होंने सिर्फ 50 रन बनाए हैं। और 4 बार आउट हो चुके हैं। ऐसे में शुभमन गिल राशिद को पावरप्ले में इस्तेमाल कर सकते हैं।