इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के चौथे मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स को राजस्थान रॉयल्स के हाथों 16 रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा। साल 2010 के बाद यह पहली बार है जब राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स को हराने में सफलता हासिल की है। इस मैच में भले ही चेन्नई की टीम को हार झेलनी पड़ी हो, लेकिन आखिरी ओवर में महेंद्र सिंह धोनी ने बल्ला बदलने के बाद छक्कों की हैट्रिक लगाकर दुनिया भर में मैच देख रहे करोड़ों दर्शकों के दिलों में रोमांच जरूर पैदा कर दिया था।
महेंद्र सिंह धोनी के इन शॉट्स में एक तो इतना तेज था कि वह स्टेडियम से बाहर जाकर गिरा। धोनी के उस शॉट्स को देखकर उनकी बढ़ती उम्र को लेकर आलोचनाओं करने वालों के मुंह पर जरूर ताला लग गया होगा। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में धोनी 7वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। वह 17 गेंद में 3 छक्के की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद लौटे। धोनी जब क्रीज पर आए थे, तब चेन्नई का स्कोर 13.4 ओवर में 5 विकेट पर 114 रन था। टीम को जीत के लिए 38 गेंदों पर 103 रन बनाने थे। दूसरे छोर पर फाफ डुप्लेसी थे।
धोनी ने शुरू में ज्यादातर स्ट्राइक डुप्लेसी को दी। यही वजह रही कि वह 19 ओवर तक सिर्फ 12 गेंद ही खेल पाए थे। इसमें उनके 9 रन थे। 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डुप्लेसी 37 गेंद में 72 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी जगह रविंद्र जडेजा आए, लेकिन अब धोनी ने मोर्चा संभाला। मैच का आखिरी यानी 20वां ओवर टॉम करन लेकर आए। चेन्नई को जीत के लिए 6 गेंद में 38 रन बनाने थे। इस ओवर की पहली गेंद पर धोनी ने एक रन लिया। दूसरी गेंद पर एक रन लेकर जडेजा ने स्ट्राइक फिर धोनी को दे दी।
इसके बाद धोनी ने नया बल्ला मंगवाया। शायद वह पहले वाले से ज्यादा भारी था। इसके बाद उन्होंने कमाल कर दिया। उन्होंने तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार छक्के जड़े। पहला छक्का उन्होंने डीप मिडविकेट के ऊपर से मारा। घुटनों के बल बैठकर दूसरा छक्का उन्होंने लॉन्ग ऑन के ऊपर से मारा। इस शॉट की ऊंचाई 92 मीटर रही। अगला छक्का उन्होंने डीप स्क्वायर लेग पर पुल करके लगाया।
He’s one lucky man.
Look who has the ball that was hit for a six by MS Dhoni.#Dream11IPL #RRvCSK pic.twitter.com/yg2g1VuLDG
— IndianPremierLeague (@IPL) September 22, 2020
धोनी ने चौथी गेंद पर जो छक्का लगाया था वह स्टेडियम के बाहर सड़क पर जा गिरा। धोनी का यह शॉट स्टेडियम को पार करता हुआ सड़क पर खड़े एक चौपहिया वाहन से टकराया। इस छक्के का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। आईपीएल की साइट पर भी इसका वीडियो पोस्ट किया गया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही गेंद गाड़ी के पास आकर गिरी वहां पास में खड़े एक व्यक्ति ने गेंद को अपने पास रख लिया।
