IPL RR Team 2021 Players List, Squad: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 की नीलामी में दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज क्रिस मॉरिस ने इतिहास रचा। वह आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। उन्होंने युवराज सिंह का छह साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। मॉरिस को राजस्थान रॉयल्स ने 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा।

युवराज सिंह को दिल्ली कैपिटल्स (तत्कालीन दिल्ली डेयरडेविल्स) ने 2015 में 16 करोड़ रुपए में खरीदा था। इस बार मॉरिस को खरीदने के लिए पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स ने काफी जंग हुई। हालांकि, अंत में बाजी राजस्थान रॉयल्स के हाथ लगी। आईपीएल 2020 के लिए हुई नीलामी में पैट कमिंस को कोलकाता नाइटराइडर्स ने 15.5 करोड़ रुपए में खरीदा था। वह तब आईपीएल के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने थे। अब उनकी जगह मॉरिस ने ले ली है।

राजस्थान रॉयल्स ने इसके अलावा शिवम दुबे को चार करोड़ 40 लाख रुपए में खरीदा। राजस्थान ने उन्हें ऑलराउंडर के रूप में खरीदा है। शिवम दुबे के पहले से ही महंगा बिकने का अंदाजा लगाया जा रहा था। शिवम दुबे का बेस प्राइस 50 लाख रुपए था। वह भारतीय खिलाड़ियों में तीसरे सबसे महंगे क्रिकेटर हैं। राजस्थान ने बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान (Mustafizur Rahman) को एक करोड़ रुपए में खरीदा।

इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स ने अनकैप्ड गेंदबाज चेतन सकारिया पर भी बड़ा दांव लगाया। उसने उन्हें एक करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा। चेतन का बेस प्राइस 20 लाख रुपए था। चेतन ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया था। उसने इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन को 75 लाख रुपए में खरीदा।

राजस्थान रॉयल्स के रिटेन किए गए खिलाड़ी: संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर, महिपाल लोमरोर, मनन वोहरा, मयंक मार्कंडे, राहुल तेवतिया, रियान पराग, श्रेयस गोपाल, रॉबिन उथप्पा, जयदेव उनादकट, यशस्वी जायसवाल, अनुज रावत, कार्तिक त्यागी, डेविड मिलर, एंड्रयू टॉय।

राजस्थान रॉयल्स ने इन खिलाड़ियों को खरीदा: क्रिस मॉरिस (ऑलराउंडर, 16 करोड़ 25 लाख रुपए), शिवम दुबे (ऑलराउंडर, 4 करोड़ 40 लाख रुपए). चेतन सकारिया (गेंदबाज, एक करोड़ 20 लाख रुपए), मुस्तफिजुर रहमान (गेंदबाज, एक करोड़ रुपए), लियाम लिविंगस्टोन (ऑलराउंडर, 75 लाख रुपए), केसी करिअप्पा (गेंदबाज, 20 लाख रुपए), आकाश सिंह (गेंदबाज, 20 लाख रुपए), कुलदीप यादव (गेंदबाज, 20 लाख रुपए)।