IPL 2022 RCB vs KKR: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के छठे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हरा दिया। मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए इस रोमांचक मैच में फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। डुप्लेसिस का यह फैसला तब सही साबित हुआ, जब श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली केकेआर 20 ओवर नहीं खेल पाई। उसने 18.5 ओवर में 128 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 19.2 ओवर में 7 विकेट पर 132 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। आरसीबी को आखिरी ओवर में 7 रन बनाने थे। दिनेश कार्तिक स्ट्राइक पर थे। उन्होंने 20वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाया और दूसरी गेंद पर चौका जड़ दिया।
कार्तिक के इस अंदाज को देख फैंस की आंखों के सामने 2018 निदाहास ट्रॉफी के फाइनल का नजारा घूम गया, तब कार्तिक ने मैच की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारत को चैंपियन बनाया था। क्रिकेट इतिहास में वह दूसरा मौका था, जब किसी टीम ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर किसी टूर्नामेंट का फाइनल जीत था।
इस लो स्कोरिंग मैच में केकेआर ने 18वें ओवर तक अपनी पूरी पकड़ बनाए रखी। 18 ओवर के बाद आरसीबी को जीत के लिए 12 गेंद में 17 रन चाहिए थे। 19वें ओवर में हर्षल पटेल ने 2 चौके जड़ आखिरी ओवर में लक्ष्य को 7 रन कर दिया। इसके बाद कार्तिक ने 2 गेंद में ही आरसीबी के खाते में जीत डाल दी।
IPL 2022, LSG vs CSK Live Score, Match 7: यहां जानिए लखनऊ और चेन्नई के बीच मैच का लाइव स्कोर
केकेआर की ओर से उमेश यादव ने 16 रन देकर 2 विकेट लिए। टिम साउदी ने 20 रन देकर 3 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा। सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती ने भी एक-एक विकेट चटकाए। आंद्रे रसेल काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 2.2 ओवर में 36 रन लुटाए और कोई सफलता भी नहीं हासिल कर पाए। इस जीत के बाद आरसीबी पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर पहुंच गई। पूरी पॉइंट्स टेबल देखने के लिए यहां क्लिक करें।
इससे पहले आरसीबी की ओर से वानिंदु हसरंगा ने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट झटके। आकाशदीप ने 3.5 ओवर में 3 विकेट चटकाए। हर्षल पटेल ने 4 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने 2 ओवर में मेडन भी फेंके। मोहम्मद सिराज ने 25 रन देकर एक विकेट लिया।
केकेआर की ओर से रसेल सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने 25 रन बनाए। उमेश यादव और वरुण चक्रवर्ती ने आखिरी विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी की उमेश 18 रन बनाकर आउट हुए। वह टीम के दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने 12 गेंद की अपनी पारी के दौरान 2 चौके और एक छक्का लगाया। वरुण 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
Indian Premier League, 2022
Royal Challengers Bangalore
132/7 (19.2)
Kolkata Knight Riders
128 (18.5)
Match Ended ( Day – Match 6 )
Royal Challengers Bangalore beat Kolkata Knight Riders by 3 wickets
IPL 2022, RCB vs KKR Live Score (आईपीएल लाइव क्रिकेट टुडे मैच स्कोर):आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ कोलकाता नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी है।
बहुत ही शानदार मुकाबला हुआ। जब केकेआर की बल्लेबाजी बिखर गई तो लग रहा था कि आरसीबी को यहां आसान जीत मिलने वाली है, लेकिन केकेआर के गेंदबाजों ने इसे आसान बनने नहीं दिया। उन्होंने शुरुआती विकेट लिए और अंतिम ओवर तक आरसीबी के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। हालांकि, जब आपके पास नंबर नौ तक क्वालिटी बल्लेबाज हों, तो ऐसे लक्ष्य और भी आसान हो जाते हैं। शेरफेन रदरफोर्ड और शाहबाज अहमद ने पहले पारी को संभाला और अंत में दिनेश कार्तिक और हर्षल पटेल ने मैच को अंतिम दिशा दिखाई।
19वें ओवर की तीसरी गेंद पर हर्षल ने चौका जड़ दिया। हालांकि, चौथी और पांचवीं गेंद पर वह कोई रन नहीं बना पाए। उन्होंने आखिरी गेंद पर फिर चौका जड़ दिया। 19 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 7 विकेट पर 122 रन है। उसे जीत के लिए आखिरी ओवर में 7 रन चाहिए। 20वें ओवर की पहली गेंद कार्तिक खेलेंगे।
वानिंदु हसरंगा की जगह हर्षल पटेल क्रीज पर आए। उन्होंने साउदी की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अपना खाता खोला। 19वां ओवर वेंकटेश अय्यर लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर हर्षल ने एक रन लेकर स्ट्राइक कार्तिक को दी। कार्तिक ने बैकवर्ड पॉइंट की ओर खेलकर एक रन लिया। इस गेंद पर कार्तिक और हर्षल दोनों को जीवनदान मिला। दोनों एक ही छोर पर पहुंच गए थे, लेकिन केकेआर ने खराब फील्डिंग का मुजाहिरा पेश किया और आरसीबी का एक विकेट गिरने से बच गया। अब आरसीबी को 10 गेंद में 15 रन चाहिए।
18वें ओवर की दूसरी गेंद पर आरसीबी को छठा झटका लगा। टिम साउदी ने शेरफेन रदरफोर्ड को विकेट के पीछे जैक्सन के हाथों कैच कराया। रदरफोर्ड 40 गेंद में 28 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। रदरफोर्ड की जगह वानिंदु हसरंगा क्रीज पर आए। वह तीसरी गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए, लेकिन चौथी गेंद पर चौके से अपना खाता खोला। हालांकि, पांचवीं गेंद पर वह आंद्रे रसेल को अपना कैच थमा बैठे। आरसीबी को जीत के लिए अब 13 गेंद में 18 रन की दरकार है।
17 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 5 विकेट पर 105 रन है। उसे जीत के लिए 18 गेंद में 24 रन बनाने हैं। क्रीज पर दिनेश कार्तिक और शेरफेन रदरफोर्ड हैं। कार्तिक ने 3 गेंद में 2 और रदरफोर्ड ने 39 गेंद में 28 रन बनाए हैं।
16 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 5 विकेट पर 101 रन बनाए हैं। शाहबाज अहमद को 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर शेल्डन जैक्सन ने स्टम्प किया। वरुण चक्रवर्ती की इस ओवर की पांचवीं गेंद पर शाहबाद ने छक्का लगाया था। शाहबाज 20 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुए। इसमें उनके 3 छक्के शामिल हैं। उन्होंने दो छक्के रसेल के ओवर में लगाए थे। दूसरे छोर पर शेरफेन रदरफोर्ड हैं। उन्होंने अब तक 36 गेंद में 26 रन बनाए हैं। शाहबाज की जगह दिनेश कार्तिक क्रीज पर आए हैं। आरसीबी को जीत के लिए अब 24 गेंद में 26 रन बनाने हैं।
15 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 4 विकेट पर 93 रन बनाए हैं। शाहबाज अहमद ने 17 गेंद में 20 रन और शेरफेन रदरफोर्ड ने 33 गेंद में 25 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 23 गेंद में 31 रन की साझेदारी हो चुकी है। उसे अभी जीत के लिए 30 गेंद में 36 रन बनाने हैं।
13 ओवर का खेल हो चुका है। आरसीबी का स्कोर 4 विकेट पर 85 रन है। उसे जीत के लिए अभी 42 गेंद में 44 रन बनाने हैं। 13वें ओवर में शाहबाज अहमद ने 2 छक्के लगाए। इस ओवर से आरसीबी के खाते में 15 रन आए। इससे पहले आरसीबी को 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौथा झटका लगा। सुनील नरेन ने डेविड विली को नितीश राणा के हाथों शॉर्ट मिडविकेट पर कैच कराया। विली 28 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए।
आठ ओवर का खेल हो चुका है। आरसीबी का स्कोर 3 विकेट पर 52 रन है। डेविड विली ने 17 गेंद में 13 और शेरफेन रदरफोर्ड ने 18 गेंद में 12 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 35 गेंद में 35 रन की साझेदारी हो चुकी है। केकेआर का यदि इस मैच में बने रहना है तो उसे जल्द ही आरसीबी के विकेट चटकाने होंगे।
छह ओवर यानी पावरप्ले का खेल हो चुका है। आरसीबी का स्कोर 6 ओवर में 3 विकेट पर 36 रन बनाए हैं। डेविड विली ने 11 गेंद में 6 और शेरफेन रदरफोर्ड ने 12 गेंद में 4 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 23 गेंद में 19 रन की साझेदारी हुई।
कोहली की जगह शेरफेन रदरफोर्ड और डुप्लेसिस की जगह डेविड विली क्रीज पर आए। रदरफोर्ड ने अपनी पहली ही गेंद पर बाई से चार रन बटोरे। उन्होंने उमेश की पांचवीं गेंद पर अपना खाता खोला। तीन ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 22 रन पर 3 विकेट है।
आरसीबी की भी हालत कुछ ठीक नहीं लग रही है। अभी कुल 13 गेंदें फेंकी गईं हैं और उसने तीन विकेट गंवा दिए हैं। टिम साउदी ने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर आरसीबी के कप्तान डुप्लेसिस को रहाणे के हाथों कैच कराया। वहीं, उमेश ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर कोहली को जैक्शन के हाथों कैच कराया। डुप्लेसिस 4 गेंद में 5 और कोहली 7 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए।
आरसीबी की ओर से अनुज रावत और फाफ डुप्लेसिस ने पारी की शुरुआत की। केकेआर के लिए उमेश यादव पहला ओवर लेकर आए। डुप्लेसिस ने उमेश की पहली ही गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। हालांकि, तीसरी गेंद पर उमेश ने अनुज रावत को विकेटकीपर शेल्डन जैक्सन के हाथों कैच करा दिया। अनुज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। उनकी जगह विराट कोहली क्रीज पर आए। कोहली ने अगली दो गेंद पर लगातार 2 चौके लगाए। पहले ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर एक विकेट पर 10 रन है।
पिछली पारी में केकेआर के बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था, जबकि आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई थी। लेकिन इस मैच में इसके ठीक उलट हुआ। केकेआर के बल्लेबाजों के ऊपर आरसीबी के गेंदबाज हावी रहे और उन्हें 20 ओवर का कोटा खेलने नहीं दिया। अब देखते हैं कि आरसीबी की टीम कितने ओवर में इस लक्ष्य को पा लेगी या उनके लिए यह भी कठिन होने वाला है।
18 ओवर का खेल हो चुका है। 18 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 9 विकेट पर 118 रन है। उमेश यादव ने 7 गेंद में 8 रन बनाए हैं। वरुण चक्रव्रती ने 16 गेंद में 10 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 21 गेंद में 17 रन की साझेदारी हुई है। 18वें ओवर में वरुण ने दो चौके लगाए।
कोलकाता नाइट राइडर्स को 15वें ओवर में 9वां झटका लगा। वानिंदु हसरंगा ने टिम साउदी को डीप में फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। साउदी 5 गेंद में एक रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह वरुण चक्रवर्ती क्रीज पर आए। 15 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 9 विकेट पर 101 रन है।
हर्षल पटेल ने 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर केकेआर को बड़ा झटका दिया। उन्होंने आंद्रे रसेल को विकेट के पीछे दिनेश कार्तिक के हाथों कैच कराया। रसेल ने एक चौके और 3 छक्के की मदद से 18 गेंद में 25 रन बनाए। रसेल की जगह उमेश यादव क्रीज पर आए। इस स्थिति में केकेआर 20 ओवर खेल पाएगी यह कहना मुश्किल लग रहा है। 14 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 8 विकेट पर 99 रन है।
फाफ डुप्लेसिस ने 12वें ओवर के लिए हर्षल पटेल को गेंद थमाई। हर्षल ने कप्तान की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए अपनी चौथी गेंद पर सैम बिलिंग्स को लॉन्ग ऑन पर विराट कोहली के हाथों कैच कराया। बिलिंग्स 15 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। बिलिंग्स की जगह टिम साउदी क्रीज पर आए हैं। 12 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 7 विकेट पर 83 रन है।
11 ओवर का खेल हो चुका है। 11 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 6 विकेट पर 83 रन है। आंद्रे रसेल ने 11वें ओवर में वानिंदु हसरंगा को एक गगनचुंबी छक्का जड़ा। इस ओवर में कुल 7 रन बने। इससे पहले 10वें ओवर में केकेआर ने 9 रन बनाए थे। रसेल ने 8 गेंद में 10 और बिलिंग्स ने 11 गेंद में 14 रन बनाए हैं।
टाइम आउट के बाद सुनील नरेन की जगह शेल्डन जैक्सन क्रीज पर आए, लेकिन उन्होंने केकेआर के फैंस को निराश किया। वानिंदु हसरंगा ने अपने ओवर की आखिरी गेंद पर जैक्सन को बोल्ड कर दिया। जैक्सन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। नौ ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 6 विकेट पर 67 रन है। जैक्सन की जगह आंद्रे रसेल क्रीज पर आए हैं।
केकेआर पर संकट गहराता जा रहा है। अभी उसके खाते में 8.5 ओवर में 67 रन ही जुड़े हैं और आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। वानिंदु हसरंगा ने 9वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सुनीन नरेन को पवेलियन की राह दिखाई। नरेन 8 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। हसरंगा की गेंद पर आकाशदीप ने बैकवर्ड पॉइंट पर नरेन का कैच लपका। नरेन के आउट होने के साथ ही अंपायर ने टाइम आउट का इशारा किया।
सुनील नरेन ने 8वें ओवर में आकाशदीप को एक छक्का और चौका लगाया। इस ओवर में केकेआर ने 12 रन बनाए। आठ ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 4 विकेट पर 58 रन है। सुनील नरेन 7 गेंद में 12 रन बनाए हैं। सैम बिलिंग्स ने 3 गेंद में एक रन बनाए हैं।
सातवां ओवर वानिंदु हसरंगा लेकर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर आरसीबी को चौथी सफलता दिलाई। हसरंगा ने श्रेयस अय्यर को लॉन्ग ऑन पर फाफ डुप्लेसिस के हाथों कैच कराया। पहले लगा कि गेंद बाउंड्री पार कर जाएगी, लेकिन डुप्लेसिस के रहते ऐसा होना नामुकिन था। श्रेयस की जगह सैम बिलिंग्स क्रीज पर आए हैं। सात ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 4 विकेट पर 46 रन है।
पावरप्ले तक का गेम हो चुका है। केकेआर का स्कोर 6 ओवर में 3 विकेट पर 44 रन है। श्रेयस अय्यर ने 7 गेंद में 12 रन बनाए हैं। नितीश राणा की जगह क्रीज पर सुनील नरेन ने अभी अपना खाता नहीं खोला है। केकेआर की पारी इस समय संकट में घिरती नजर आ रही है।
रहाणे की जगह नितीश राणा क्रीज पर आए। छठा ओवर आकाशदीप लेकर आए। नितीश राणा ने उनकी दूसरी ही गेंद पर छक्का जड़कर अपना खाता खोला। आकाशदीप ने अगली गेंद नोबॉल की। नितीश राणा ने फ्री हिट पर चौका जड़ दिया। चौथी गेंद पर कोई रन नहीं बना। पांचवीं गेंद पर नितीश राणा ने फिर से छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन इस बार चूके और डेविड विली ने शॉर्ट फाइन लेग से पीछे भागते हुए शानदार कैच लपका। इसके साथ ही राणा की छोटी पारी का अंत हो गया।
सिराज ने 5वें ओवर की आखिरी गेंद पर आरसीबी को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने रहाणे को डीप स्क्वावयर लेग पर शाहबाद के हाथों कैच कराया। सिराज ने आईपीएल में 10 मैच के बाद पावरप्ले में कोई विकेट लिया है। रहाणे 10 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए।
चौथा ओवर आकाशदीप लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर फॉलो थ्रो में वेंकटेश अय्यर का कैच लपक लिया। अय्यर 14 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में एक चौका लगाया। अय्यर की जगह अय्यर आए। जी हां, कप्तान श्रेयस अय्यर आए और अपनी पहली ही गेंद पर चौका जड़कर खाता खोला।
दूसरा ओवर सिराज लेकर आए। वेंकटेश अय्यर ने उनकी पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया। हालांकि, अगली 4 गेंदों पर वह एक भी रन नहीं बना पाए। एक गेंद पर बीट भी हुए। आखिरी गेंद में 2 रन लिए। दो ओवर के बाद केकेआर का स्कोर बिना विकेट खोए 10 रन है। अय्यर के 9 और रहाणे के एक रन हैं।
अजिंक्य रहाणे ने डेविड विली की पहली ही गेंद पर एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। तीसरी गेंद पर वेंकटेश अय्यर ने दो रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। चौथी गेंद पर वेंकटेश ने एक रन लेकर स्ट्राइक रहाणे को थमाई। रहाणे अगली दोनों गेंद पर एक भी रन नहीं बना पाए। पहले ओवर के बाद केकेआर का स्कोर बिना विकेट खोए 4 रन है।
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अजिंक्य रहाणे और वेंकटेश अय्यर ने पारी की शुरुआत की। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से डेविड विली पहला ओवर लेकर आए। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में अजिंक्य रहाणे ने 44 रन बनाए थे। वह अर्धशतक से चूक गए थे। आज उनकी कोशिश अपने स्कोर को बेहतर करने की होगी।
IPL 2022, RCB vs KKR Live Score (आईपीएल लाइव क्रिकेट टुडे मैच स्कोर): इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स अब तक 29 बार भिड़ चुकी हैं। इसमें से 16 में शाहरुख खान के सह मालिकाना हक वाली केकेआर ने बाजी मारी है, जबकि 13 मुकाबलों में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर जीती है। दोनों के बीच पिछले 5 मुकाबलों की बात करें तो आरसीबी ने केकेआर के खिलाफ अपने पिछले 5 में से 3 मैच में जीत हासिल की है। हालांकि, पिछले सीजन दोनों के बीच 3 बार भिड़ंत हुई। इनमें से केकेआर ने आखिरी दोनों मैच अपने नाम किए। केकेआर के कारण ही आरसीबी का फाइनल खेलने का सपना भी टूटा था। आईपीएल इतिहास का पहला मुकाबला भी इन्हीं दोनों टीमों के बीच खेला गया था। तब केकेआर ने आरसीबी को बुरी तरह हराया था। आरसीबी के खिलाफ केकेआर का सर्वोच्च स्कोर 222 और न्यूनतम स्कोर 84 रन है। वहीं, आरसीबी का केकेआर के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 213 और न्यूनतम स्कोर 49 रन है।