विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 का आगाज ऐसा है तो अंजाम सोचकर फैंस के दिल में जरूर खलबली मच रही होगी। फिलहाल टूर्नामेंट के पहले दिन खलबली मचाई है 22 धुरंधर बल्लेबाजों ने शतक लगाकर। इस लिस्ट में दिग्गज रोहित शर्मा, विराट कोहलै जैसे नामों से लेकर युवा वैभव सूर्यवंशी, स्वास्तिक समल जैसे नाम भी शामिल हैं। इसी के साथ एक दिन में सर्वाधिक 19 शतकों का पुराना रिकॉर्ड टूट गया।
इशान का शतक बेकार, कर्नाटक ने 413 रन चेज कर दिलाई साउथ अफ्रीका की याद; ये हैं सबसे बड़े वनडे चेज
इस टूर्नामेंट के पहले दिन कई दिग्गजों से युवाओं तक सभी ने सुर्खियां बटोरीं। बिहार के कप्तान सकीबुल गनी ने 32 गेंद पर शतक लगाया और विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ा। वहीं इशान किशन का 33 गेंद पर शतक, वैभव सूर्यवंशी की 190 रन की पारी, विराट और रोहित का शतक, कई चर्चा के विषय बने।
टूट गया VHT का पुराना रिकॉर्ड
विजय हजारे ट्रॉफी के इतिहास में पहले एक दिन में सबसे ज्यादा 19 शतकों का रिकॉर्ड था। अब यह रिकॉर्ड टूट गया है। इससे पहले 3 जनवरी 2025 और 12 दिसंबर 2021 को एक दिन में 19-19 शतक लगे थे। अब 2025-26 सत्र की शुरुआत के पहले दिन ही 22 शतक लगे और पुराने दोनों रिकॉर्ड टूट गए।
वैभव सूर्यवंशी ने लूटी महफिल
14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पहले दिन महफिल लूटी। 89 गेंद पर उनकी 190 रन की पारी चर्चा का विषय बनी रही। इस पारी से वह विजय हजारे ट्रॉफी या लिस्ट ए क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने। वहीं लिस्ट ए में सबसे तेज 150 रन बनाने के मामले में भी उन्होंने एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ा।
सचिन, रोहित से स्वास्तिक समल तक : ये हैं वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले भारतीय
रोहित-विराट ने जीता फैंस का दिल
विजय हजारे ट्रॉफी 2025 की शुरुआत से पहले लगातार सभी के लिए चर्चा का विषय रोहित शर्मा और विराट कोहली थे। विराट और रोहित दोनों ने पहले-पहले मैच में शतकीय पारियां खेलकर अपने फैंस का दिल जीता और सभी आलोचकों को जवाब भी दिया कि वह दोनों वर्ल्ड कप 2027 के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रोहित शर्मा ने सिक्किम के खिलाफ 94 गेंद पर 155 रन की पारी खेली जिसमें 18 चौके और 9 छक्के शामिल थे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। वहीं दिल्ली के लिए खेलते हुए विराट कोहली ने 101 गेंद पर 131 रन बनाए जिसमें 14 चौके और तीन छक्के शामिल थे। दोनों ही दिग्गजों की जमकर वाहवाही हो रही है। रोहित को देखने के लिए तो जयपुर में सड़कों पर जाम था और स्टेडियम खचाखच भरा था।
