भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी रोहित शर्मा अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी और शानदार कप्तानी के लिए जाने जाते हैं। रोहित शर्मा की काबिलियत की कई दिग्गज खिलाड़ी भी तारीफ कर चुके हैं। अब फोर्ब्स इंडिया ने भी रोहित शर्मा की काबिलियत की तारीफ की है। दरअसल फोर्ब्स इंडिया ने अपने पहले स्पोर्ट्स स्पेशल संस्करण में रोहित शर्मा कवर पेज पर जगह दी है। फोर्ब्स इंडिया ने ट्वीट कर मैग्जीन के कवर पेज की तस्वीर भी शेयर की है। यूजर्स ने इस ट्वीट को काफी पसंद किया है और रोहित शर्मा की तारीफ की। कुछ यूजर्स ने रोहित से चौथी डबल सेंचुरी की मांग कर डाली। रोहित शर्मा वनडे में तीन दोहरे शतक लगा चुके हैं। बता दें कि हाल ही में रोहित शर्मा की कप्तानी में आईपीएल की फ्रैंचाइजी मुंबई इंडियंस ने खिताब अपने नाम किया है।

मुंबई इंडियंस का यह चौथा खिताब है। इससे पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस की खिताबी जीत में रोहित शर्मा का अहम योगदान रहा है। हालांकि हालिया सीजन में रोहित शर्मा बल्ले से उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे, लेकिन इसके बावजूद अपनी कप्तानी और रणनीतिक समझ के दम पर रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस को चैंपियन बनाने में सफल रहे। आईपीएल के बाद अब रोहित की नजरें क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप पर लगी हैं। वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम ब्रिटेन पहुंच चुकी है। जहां वह अपने अभियान की शुरुआत 5 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से करेगी।

दो बार की क्रिकेट वर्ल्ड कप चैंपियन भारतीय टीम को इस बार भी खिताब का तगड़ा दावेदार माना जा रहा है। वहीं फोर्ब्स मैग्जीन के पहले स्पोर्ट्स संस्करण की बात करें तो इसमें रोहित शर्मा के साथ का खास इंटरव्यू छपा है। कवर पर रोहित शर्मा की तस्वीर के साथ “Rohit Hit Hooray” हेडलाइन जिसमें रोहित ने अपने अपने जीवन और खेल से जुड़ी कई मजेदार जानकारियां साझा की। इसके अलावा मैग्जीन के इस संस्करण में कबड्डी लीग और उसके देश में विकास पर लेख छपा है। कबड्डी के अलावा UEFA चैंपियंस लीग और यूरोपा लीग पर भी स्टोरी छपी हैं।