रोहित शर्मा क्रिकेट की दुनिया में हर दिन नया मकाम हासिल कर रहे हैं। एकदिवसीय मैचों में तीन दोहरा शतक लगाने वाले वह दुनिया के इकलौते बल्‍लेबाज हैं। अब उन्‍होंने T20 क्रिकेट में भी नया मुकाम हासिल किया है। श्रीलंका के साथ कटक में खेले गए श्रृंखला के पहले T20 मैच में रोहित शर्मा ने 15 रन बनाते ही इस फॉर्मेट में डेढ़ हजार रन बनाने वाले भारत के दूसरे बल्‍लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ विराट कोहली ही ऐसा कर सके हैं।

रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ पहले T20 मैच से पूर्व 1,485 रन बनाए थे। डेढ़ हजार रन का आंकड़ा हासिल करने के लिए उन्‍हें सिर्फ 15 रनों की जरूरत थी जो उन्‍होंने हासिल कर लिया। T20 क्रिकेट के इतिहास में इस माइलस्‍टोन को हासिल करने वाले वह दुनिया के 14वें बल्‍लेबाज बन गए हैं। इस मैच में रोहित शर्मा ने 17 रन बनाए थे। उन्‍हें एंजेलो मैथ्‍यूज ने पवेलियन का रास्‍ता दिखाया था। रनों के मामले में भारतीय बल्‍लेबाजों में अब सिर्फ विराट कोहली ही रोहित से आगे हैं। विराट क्रिकेट के सबसे छोटे स्‍वरूप में 18 अर्धशतकों के साथ 52.86 की औसत से 1,956 रन बना चुके हैं। वह T20 मैचों में कोई भी शतक नहीं लगा सके हैं। T20 मैचों में उनसे ज्‍यादा रन (2,140) सिर्फ न्‍यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम ने बनाए हैं।

रोहित शर्मा श्रीलंका के खिलाफ T20 श्रृंखला में विराट कोहली की अनुपस्थिति में भारतीय टीम की कप्‍तानी भी कर रहे हैं। ओपनर बल्‍लेबाज अभी तक 68 T20 मैच खेल चुके हैं। उनका स्‍ट्राइक रेट तकरीबन 130 का है, जबकि उन्‍होंने 30.30 की औसत से रन बनाए हैं। रोहित शर्मा अपने T20 करयिर में अब तक 12 अर्धशतक लगा चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम एक शतक भी दर्ज है। रोहित शर्मा आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्‍तानी भी करते हैं। कटक में जीत के साथ भारत ने श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है।