ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज रोडनी मार्श (Rodney Marsh) का निधन हो गया है। उन्हें एक हफ्ते पहले क्वीन्सलैंड में धर्मार्थ कार्यों के लिए पैसा जुटाने के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिल का दौरा भी पड़ा था। मार्श ने 74 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के लिए फर्स्ट क्लास, टेस्ट और वनडे सहित कुल 445 मैच खेले थे।
स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया हॉल आफ फेम ने शुक्रवार को पुष्टि करते हुए बताया कि ऑस्ट्रेलिया के लिए 1970 से 1984 के बीच 96 टेस्ट खेलने वाले मार्श का एडीलेड के अस्पताल में निधन हो गया। एक समय विकेटकीपर द्वारा टेस्ट में सर्वाधिक 355 शिकार का रिकॉर्ड उनके नाम था जिसमें महान तेज गेंदबाज डेनिस लिली की गेंद पर किए 95 शिकार भी शामिल थे। टेस्ट क्रिकेट में 3 शतक के साथ उन्होंने 3633 रन भी बनाए थे।
वह ऑस्ट्रेलिया के लिए 92 एकदिवसीय मैच भी खेले जिसमें 124 शिकार के साथ उनके नाम 1225 रन भी दर्ज हैं। उन्होंने फरवरी 1984 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था। बाएं हाथ के बल्लेबाज मार्श टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ने वाले पहले आस्ट्रेलियाई विकेटकीपर थे। उन्होंने अपने करियर में तीन टेस्ट शतक जड़े। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 257 मैचों में 11067 रन बनाते हुए विकेट के पीछे 869 शिकार भी किए।
मार्श ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमियों के प्रमुख भी रहे। वह दुबई में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की विश्व कोचिंग अकादमी के पहले प्रमुख थे। उन्हें 2014 में ऑस्ट्रेलिया की चयन समिति का अध्यक्ष चुना गया और वह दो साल तक इस पद पर रहे। मार्श को 1985 में स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया हॉल आफ फेम में शामिल किया गया।
मार्श के करियर पर एक नजर
मार्श और लिली ने इंग्लैंड के खिलाफ 1970-71 एशेज श्रृंखला में टेस्ट पदार्पण किया और 1984 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट के बाद संन्यास लिया। मार्श ने पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय पांच जनवरी 1971 को मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर खेला और फरवरी 1984 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना 92वां एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। वह 1970 के दशक में विश्व सीरीज आफ क्रिकेट का भी हिस्सा रहे जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को नया आयाम दिया।
इसके बाद पेशेवर खिलाड़ियों और प्रशंसकों के लिए खेल में नई क्रांति आई। बाएं हाथ के बल्लेबाज मार्श टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ने वाले पहले आस्ट्रेलियाई विकेटकीपर थे। उन्होंने एडीलेड में 1972 में पाकिस्तान के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपने करियर में तीन टेस्ट शतक जड़े।
हॉल आफ फेम के अध्यक्ष जॉन बरट्रेंड ने कहा कि मार्श बिना डर के अपनी बात रखते थे और उन्होंने युवा क्रिकेटरों की प्रतिभा को पहचाना। उन्होंने कहा, ‘‘मार्श ने काफी शिकार किए। कैच मार्श पकड़ें और गेंदबाजी लिली करें, टेस्ट क्रिकेट में यह दिखना आम बात थी। उन्होंने अपने करियर में कई कीर्तिमान बनाए और इतिहास रचा। हम उनका सम्मान करते हैं।’’