राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने केकेआर के खिलाफ आईपीएल 2025 के 53वें मैच में यादगार पारी खेलते हुए 6 गेंदों पर 6 छक्के लगा दिए। हालांकि उन्होंने मोईन अली के ओवर में 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाए और इसके बाद उन्होंने अगले ओवर की अपनी पहली ही गेंद पर वरुण चक्रवर्की की गेंद पर छक्का जड़ दिया और इस तरह से उन्होंने 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्के लगाने का कमाल कर दिया। हालांकि इस मैच में राजस्थान को एक विकेट से हार मिली।
रियान ने लगाया 6 गेंदों पर 6 छक्के
पराग ने इस मैच के 13वें ओवर में मोइन अली की 2,3,4,5 और छठे गेंद पर लगातार 5 छक्के लगाए। इसके बाद वो अगले ओवर में यानी 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर छक्का लगाया और 6 गेंदों पर छक्के लगातार लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। हालांकि वो ये कमाल एक ओवर में नहीं कर पाए। 14वें ओवर की पहली गेंद हेटमायर ने खेली थी और एक रन लेकर रियान को स्ट्राइक दी थी।
पराग हुए दिग्गजों की लिस्ट में शामिल
आईपीएल में एक ओवर में 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाने का कमाल रियान से पहले 4 बल्लेबाज कर चुके हैं। उनसे पहले ऐसा कमाल क्रिस गेल, राहुल तेवतिया, रवींद्र जडेजा और रिंकू सिंह ने किया था। इन सबके बाद उन्होंने 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाने का कमाल किया।
आईपीएल में 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
क्रिस गेल बनाम राहुल शर्मा, 2012
राहुल तेवतिया बनाम एस कॉटरेल, 2020
रवींद्र जड़ेजा बनाम हर्षल पटेल, 2021
रिंकू सिंह बनाम यश दयाल, 2023
रियान पराग बनाम मोईन अली, 2025
पराग ने खेली 95 रन की पारी
इस मैच में रियान पराग ने 45 गेंदों पर 8 छक्के और 6 चौकों की मदद से 95 रन की पारी खेली। वो 5 रन से अपने शतक से चूक गए। इस सीजन में ये उनका अब तक का बेस्ट स्कोर रहा। वो आईपीएल में नंबर 4 पर राजस्थान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर बने और खुद के रिकॉर्ड में सुधार किया।
आईपीएल में नंबर 4 पर आरआर के लिए सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर
95 रन (45 गेंद) – रियान पराग बनाम केकेआर, 2025
84 रन (45 गेंद) – रियान पराग बनाम डीसी, 2024
77 रन (49 गेंद) – रियान पराग बनाम एसआरएच, 2024
76 रन (49 गेंद) – शेन वॉटसन बनाम पीबीकेएस, 2008
76 रन (42 गेंद) – ओवैस शाह बनाम एमआई, 2021
76 रन (48 गेंद) – रियान पराग बनाम जीटी, 2024