भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह ने जिन मुश्किल हालातों से जूझते हुए क्रिकेट की दुनिया में अपना नाम बनाया वो तारीफ के काबिल है। बतौर क्रिकेटर रिंकू सिंह का सफर जारी है और हाल ही में उन्होंने सांसद प्रिया सरोज से सगाई भी की थी, लेकिन इसके ठीक बाद उनके लिए एक और खुशी की खबर सामने आई है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी के रूप में रिंकू सिंह करेंगे काम
रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र में एक नई यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यूपी सरकार ने अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता सीधी भर्ती नियम-2022 के तहत रिंकू सिंह को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के रूप में नियुक्त करने में एक कदम आगे बढ़ाया है। रिंकू सिंह की नियुक्ति यूपी राज्य सरकार की उस नीति का हिस्सा है, जिसके तहत यूपी से आने वाले और अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए इंटरनेशनल मंचों पर पदक जीतने वाले कई अंतरराष्ट्रीय एथलीटों को सम्मानित किया जाता है। इस नीति के तहत विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में सम्मानजनक पदों पर भर्ती किया जाता है।
क्रिकेट के प्रति जुनून ने बनाया सफल क्रिकेटर
स्थानीय मीडिया सूत्रों की रिपोर्ट के अनुसार रिंकू सिंह की संभावित नियुक्ति से संबंधित एक पत्र बेसिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी किया गया है। 27 साल के यूपी के इस क्रिकेटर का जन्म अक्टूबर 1997 में अलीगढ़ में एक साधारण परिवार में हुआ था। उनके पिता घर-घर जाकर सिलेंडर बांटते थे जबकि रिंकू भी अपने शुरुआती दिनों में पिता की मदद किया करते थे। तमाम मुश्किलों से जूझते हुए क्रिकेट के प्रति अपने जुनून की वजह से रिंकू सिंह ने भारतीय क्रिकेट टीम में जगह बनाई और आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन के जरिए शोहरत हासिल की।
रिंकू सिंह घरेलू स्तर पर यूपी का प्रतिनिधित्व करते हैं और आईपीएल में वो केकेआर टीम का हिस्सा हैं। इस टीम के साथ वो 2018 में जुड़े थे और 2023 में अपने शानदार प्रदर्शन के जरिए उन्होंने सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा था। 2022 में भी उन्होंने लगभग 35 की औसत से 174 रन बनाए जबकि 2023 उनका बेस्ट सीजन था जिसमें उन्होंने लगभग 150 की स्ट्राइक रेट और 60 की औसत से 474 रन बनाए। रिंकू ने 59 आईपीएल मैच खेले हैं और 145.18 की स्ट्राइक रेट के साथ 1099 रन बनाए हैं।
आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम के लिए चुना गया और उन्होंने भारत के लिए अब तक 33 टी20आई मैच खेले हैं। इन मैचों में रिंकू सिंह ने अब तक 161 की स्ट्राइक रेट के साथ 546 रन बनाए हैं। कुछ दिनों पहले समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ अचानक सगाई के बाद रिंकू सिंह फिर से चर्चा में आ गए। 8 जून को कई नामचीन हस्तियों की मौजूदगी में उनकी सगाई की रस्म हुई। हालांकि, भारतीय मीडिया चैनलों की हालिया रिपोर्ट बताती है कि सांसद प्रिया सरोज के साथ रिंकू की शादी फिलहाल टाल दी गई है। 18 नवंबर को होने वाली शादी को फरवरी 2026 तक टाल दिया गया है।