टेनिस को अलविदा कह चुकी पूर्व वर्ल्ड नंबर वन खिलाड़ी एश्ले बार्टी की जिंदगी में नया मेहमान आया है। बार्टी और उनके पति गैरी किसिक बेटे के माता पिता बने हैं। दोनों ने सोशल मीडिया पर बेटे की तस्वीर शेयर करके फैंस को इस बारे बताया। बार्टी ने महज 25 साल की उम्र में टेनिस को अलविदा कह दिया था।
बार्टी ने शेयर की बेटे की तस्वीर
बार्टी और किसिक ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे की तस्वीर शेयर की जिसमें वह सफेद रंग के कपड़ों में नजर आ रहा है। किसिक ने कैप्शन में लिखा, ‘हमारा सुंदर बेटा। इस दुनिया में स्वागत है हेडन’। बार्टी ने इस साल की शुरुआत में ही बताया था कि इस साल वह अपने सफर की शुरुआत करने वाली हैं। उन्होंने अपने कुत्ते के साथ बच्चे के जूते की तस्वीर शेयर करके यह जानकारी दी थी।
25 साल की उम्र में लिया था संन्यास
बार्टी ने साल 2019 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था वहीं इसके दो साल बाद विंबलडन का खिताब जीता। हालांकि 15 महीने पहले उन्होंने अपने करियर को अलविदा कह दिया। बार्टी के संन्यास के ऐलान से फैंस काफी हैरान रह गए थे। महज 25 साल की उम्र में उन्होंने अपने करियर को अलविदा कह दिया।
क्रिकेट से भी रहा है बार्टी का नाता
बार्टी सिर्फ टेनिस खिलाड़ी ही नहीं थी बल्कि वह क्रिकेटर भी रही हैं। इस खिलाड़ी बिग बैश लीग में हिस्सा लिया था। 23 साल की उम्र में जब बार्टी को टेनिस से बहुत ज्यादा सफलता नहीं मिल रही थी तब उन्होंने खुद को आराम दिया। उन्होंने इस खेल से ब्रेक लिया और फिर क्रिकेट खेलने लगी। तब उन्होंने इसकी वजह नहीं बताई थी। क्रिकेटर बनने के पीछे बार्टी ने कहा था, ‘यह एक ऐसा खेल है, जिसमें जब आप संघर्ष के समय अकेले नहीं होते हैं। कठिन समय में आपकी मदद के लिए 10 और लड़कियां आपके साथ होती हैं। वे आपको उस मुश्किल दौर से वापस ला सकती हैं।’