इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के 16वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने राजस्थान रॉयल्स को 10 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वह आईपीएल 2021 की पॉइंट टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई। आईपीएल 2021 में उसकी यह लगातार चौथी जीत है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में देवदत्त पडिक्कल ने 51 गेंद में अपना शतक पूरा किया। उनका आईपीएल में यह पहला शतक है। विराट कोहली भी आईपीएल में 6000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने। कोहली और पडिक्कल ने आरसीबी के लिए हाइएस्ट ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड भी बनाया।
देवदत्त पडिक्कल आईपीएल में शतक लगाने वाले तीसरे अनकैप्ड (जिसने सीनियर टीम इंडिया के लिए नहीं खेलो हो) क्रिकेटर हैं। उनसे पहले किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के पॉल वालथाटी ने 2011 में चेन्नई सुपरकिंग्स और आईपीएल 2009 में आरसीबी के मनीष पांडे ने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ शतक लगाया था।
यही नहीं, 20 साल289 दिन के देवदत्त पडिक्कल IPL में शतक बनाने वाले तीसरे सबसे युवा बल्लेबाज बने। उनसे पहले मनीष पांडे 19 साल 253 दिन और ऋषभ पंत ने 20 साल 218 दिन में आईपीएल में शतक लगा चुके हैं।
इससे पहले विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 177 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने 16.3 ओवर में बिना विकेट खोए 181 रन बना मैच जीत लिया। देवदत्त पडिक्कल ने 11 चौके और 6 छक्के की मदद से 52 गेंद में नाबाद 101 रन बनाए। कोहली 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 47 गेंद में 72 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले आरसीबी की ओर से हर्षल पटेल और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट लिए। इस मैच में दोनों टीमों ने अपनी-अपनी प्लेइंग इलेवन में एक-एक बदलाव किए हैं। दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन यहां देखें
आईपीएल में आरसीबी और रॉयल्स के बीच अब तक 23 मैच खेले गए हैं। इनमें से रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने 11 और राजस्थान रॉयल्स ने 10 मैच जीते हैं। दो मैच का नतीजा नहीं निकला। आरसीबी की राजस्थान के खिलाफ यह लगातार तीसरी जीत है।
विराट कोहली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 6000 रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 13वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़कर यह उपलब्धि अपने नाम की। क्रिस मॉरिस के इसी ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया था। यह कोहली का आईपीएल में 40वां अर्धशतक है। इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा और सुरेश रैना के भी रिकॉर्ड तोड़े।
देवदत्त पडिक्कल ने 27 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर रियान पराग पर चौका जड़ा अपनी फिफ्टी पूरी की। दसवें ओवर में उनका स्कोर 36 गेंद में 80 रन पहुंच चुका था। पडिक्कल अब तक 8 चौके और 6 छक्के लगा चुके हैं। विराट कोहली ने 24 गेंद में 26 रन बनाए हैं। पिछले 5 ओवर में दोनों 60 रन जोड़ चुके हैं।
178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की शानदार शुरुआत हुई। उसने पावर प्ले (6 ओवर) में बिना विकेट गंवाए 59 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं। वह 6 चौके और 2 छक्के की मदद से अब तक 22 गेंद में 41 रन बना चुके हैं। विराट कोहली ने 14 गेंद में 17 रन बनाए हैं।
राजस्थान ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर छठा विकेट गंवाया। शिवम दुबे 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 32 गेंद पर 46 रन बनाकर आउट हुए। केन रिचर्डसन ने उन्हें लॉन्ग ऑन पर ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। शिवम दुबे की जगह क्रिस मॉरिस क्रीज पर आए।
राजस्थान रॉयल्स को 14वें ओवर में पांचवां झटका लगा। रियान पराग हर्षल पटेल के ओवर की तीसरी गेंद पर युजवेंद्र चहल को अपना कैच थमा बैठे। पराग ने 4 चौके की मदद से 16 गेंद में 25 रन बनाए। उनकी जगह राहुल तेवतिया क्रीज पर आए। राहुल ने ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का जड़ अपना खाता खोला। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका भी लगाया।
10 ओवर का खेल हो चुका है। राजस्थान के 4 विकेट गिर चुके हैं। उसके खाते में अभी 70 रन ही जुड़े हैं। इस समय क्रीज पर शिवम दुबे और रियान पराग हैं। कप्तान संजू सैमसन आठवें ओवर में पवेलियन लौटे। वाशिंगटन सुंदर ने उस ओवर की दूसरी गेंद पर सैमसन को मैक्सवेल के हाथों कैच कराया। सैमसन 2 चौके और एक छक्के की मदद से 18 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान ने 5 ओवर के भीतर 3 विकेट गंवा दिए हैं। सिराज ने 2 विकेट झटके हैं। एक विकेट काइल जैमिसन ने लिया है। चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर जैमिसन ने मनन वोहरा को केन रिचर्डसन के हाथों कैच कराया। उनकी जगह डेविड मिलर आए। पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर सिराज ने मिलर को एलबीडब्ल्यू कर दिया। सिराज की अपील पर मैदानी अंपायर ने मिलर को आउट नहीं दिया था। इस पर विराट कोहली ने DRS लिया और थर्ड अंपायर ने मिलर को एलबीडब्ल्यू आउट दिया। मिलर खाता भी नहीं खोल पाए। मिलर की जगह शिवम दुबे क्रीज पर आए।
राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर ही जोस बटलर का विकेट गंवा दिया। सिराज ने बटलर को बोल्ड किया। बटलर 2 चौके की मदद से 8 गेंद में 8 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह संजू सैमसन बल्लेबाजी के लिए आए।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोस बटलर और मनन वोहरा ने पारी की शुरुआत की। रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की ओर से मोहम्मद सिराज पहला ओवर लेकर आए। सिराज की शुरुआती 4 गेंदों में बटलर खाता नहीं खोल पाए। हालांकि, उन्होंने आखिरी 2 गेंद में 2 चौके जड़कर अपना और टीम का खाता खोला।
राजस्थान रॉयल्स: जोस बटलर, मनन वोहरा, संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), शिवम दुबे, डेविड मिलर, रियान पराग, क्रिस मॉरिस, राहुल तेवतिया, श्रेयस गोपाल, चेतन साकरिया, मुस्तफिजुर रहमान।
रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर: देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली (कप्तान), शाहबाज अहमद, ग्लेन मैक्सवेल, एबी डिविलियर्स (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, काइल जैमिसन, केन रिचर्डसन, हर्षल पटेल, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक स्टेडियम) में डिविलियर्स का डेथ ओवर्स में स्कोरिंग रेट 247.50 था, जबकि अन्य सभी बल्लेबाजों का कुल मिलाकर स्कोरिंग रेट132.71 था। इस सीजन हर्षल पटेल ने मैच में 14 से 20 ओवर्स के दौरान 7.5 ओवर गेंदबाजी की है। इसमें 9 विकेट चटकाए हैं और एक ओवर में औसतन 5 से कम रन दिए हैं।
विराट कोहली आईपीएल में अब तक 195 मैच में 37.89 के औसत से 5949 रन बना चुके हैं। यदि वह इस मैच में 51 रन बना लेते हैं तो इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में 6000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। आईपीएल में उनके 40 अर्धशतक भी पूरे हो जाएंगे।