इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025)में शुक्रवार (18 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)के कप्तान रजत पाटीदार ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच में बड़ी उपलब्धि हासिल की। फिल साल्ट के आउट होने बाद पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को पहली ही गेंद पर चौका जड़कर खाता खोलने वाले रजत पाटीदार ने आईपीएल में 1000 रन पूरे किए। वह आईपीएल में 1000 रन पूरा करने के लिए दूसरे सबसे कम पारी खेलने वाले भारतीय बल्लेबाज बने।
रजत पाटीदार ने इस मामले में मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व खिलाड़ी मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK)के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का रिकॉर्ड तोड़ा। इसके अलावा वह आरसीबी के लिए 1000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बने। इसके साथ ही विराट कोहली के क्लब में शामिल हो गए। कोहली का पंजाब के खिलाफ मैच में बल्ला नहीं चला। वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए।
आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन
आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन हैं। उन्होंने केवल 25 मैच में यह कारनाम किया है। अब पाटीदार ने 30 पारियों में 1000 रन पूरे किए। सचिन तेंदुलकर और ऋतुराज गायकवाड़ ने 31-31 पारियों में 1000 रन पूरे किए। मुंबई इंडियंस के उभरते खिलाड़ी तिलक वर्मा को 1000 रन पूरा करने में 33 पारियां लगीं।
आरसीबी के लिए 1000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज
आरसीबी के लिए 1000 रन बनाने वाले रजत पाटीदार तीसरे खिलाड़ी हैं। विराट कोहली के अलावा देवदत्त पडिक्कल ने यह कारनामा किया है। पडिक्कल ने इसी सीजन राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने 35वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी। पडिक्कल को पंजाब के खिलाफ मैच में मौका नहीं मिला। पाटीदार ने 23 रन बनाए। अर्शदीप सिंह ने फिल साल्ट को तीसरी बार टी20 में आउट किया। पूरी जानकारी के लिए क्लिक करें।