भारत में क्रिकेट को आंख मूंदकर फॉलो किया जाता है। प्रशंसक खेल और खिलाड़ियों के दीवाने हैं और भारतीय टीम के ऐसे ही एक सितारे हैं क्रिकेटर रविंद्र जडेजा। भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रैंचाइजी चेन्नई सुपरकिंग्स (Chennai Super Kings) ने टूर्नामेंट के अगले सीजन के लिए 16 करोड़ रुपए में रिटेन किया है।
फ्रैंचाइजी ने उनको महेंद्र सिंह धोनी से भी 4 करोड़ रुपए ज्यादा में रिटेन किया है। रविंद्र जडेजा की गिनती दुनिया के मौजूदा शीर्ष ऑलराउंडर्स में की जाती है। रविंद्र जडेजा की ब्रांड वैल्यू बहुत अधिक है। वह दुनिया भर में मोस्ट रिस्पेक्टेड प्लेयर की उपलब्धि भी हासिल कर चुके हैं।
रविंद्र जडेजा ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष स्थान भी हासिल कर चुके हैं। रविंद्र जडेजा सम्मानित खिलाड़ी होने के साथ अपनी जीवनशैली के लिए भी जाने जाते हैं। वह दुनिया के सबसे अमीर क्रिकेटर्स में एक हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविंद्र जडेजा की कुल संपत्ति 13 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 100 करोड़ रुपए) होने का अनुमान है। उनकी आय और कुल संपत्ति का मुख्य स्रोत क्रिकेट ही है। वह अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के अलावा आईपीएल से भी बड़ी रकम कमाते हैं। वह कई ब्रांड्स के इंडोर्समेंट से भी अच्छी खासी कमाई करते हैं।
रिपोर्ट्स की मानें तो पिछले कुछ वर्षों में रविंद्र जडेजा की कुल संपत्ति में 40% की वृद्धि हुई है। इसी तरह उनकी आय में भी वृद्धि हुई है। नेट वर्थ कैलकुलेशन को सरल शब्दों में कह सकते हैं कि मौजूदा संपत्ति-मौजूदा देनदारियां। आइए रविंद्र जडेजा की संपत्ति पर एक नजर डालते हैं।
रविंद्र जडेजा की संपत्ति:
घर: caknowledge.com के मुताबिक, रविंद्र जडेजा गुजरात के जामनगर में एक लग्जरी डिजाइनर घर के मालिक हैं। उनका 4 मंजिला बंगला भी जामनगर के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है।
बंगले में बड़े दरवाजों से लेकर पुराने फर्नीचर और झूमर तक, एक राजसी ठाठ का अनुभव कराता है। जडेजा, जिन्हें रॉयल नवघन के नाम से भी जाना जाता है, शाही जीवन जीते हैं। शहर के राजाओं और राजकुमारों के समृद्ध इतिहास की जीवंतता बाहरी जगहों पर नहीं रुकती है, यह जडेजा के घर के अंदरूनी हिस्सों में भी है।
इस बंगले के अलावा, क्रिकेटर के पास एक फार्म हाउस भी है, जो उनके इंस्टाग्राम पर एक लोकप्रिय स्थान है- मिस्टर जड्डू का फार्म हाउस। क्रिकेटर को घुड़सवारी का शौक है। उन्हें फॉर्म हाउस में अक्सर अपने घोड़ों के साथ समय बिताते हुए देखा जाता है।
रविंद्र जडेजा कार कलेक्शन: रविंद्र जडेजा का कार कलेक्शन काफी छोटा है। उनके पास दुनिया की कुछ बेहतरीन लग्जरी कारें हैं। उनके कार ब्रांड्स में एक काले रंग की हुंडई एक्सेंट और एक सफेद ऑडी क्यू7, बीएमडब्ल्यू एक्स1 और हायाबुसा बाइक शामिल हैं।
किसी भी एथलीट की बहुत सारी कमाई जीत उसके प्रदर्शन और फैन फॉलोइंग पर निर्भर करती है। रविंद्र जडेजा भारत और अन्य देशों में सबसे लोकप्रिय और भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने कई रियल एस्टेट संपत्तियों में भी निवेश किया हुआ है। इस प्रकार, हम अनुमान लगा सकते हैं कि आगामी वर्षों में उनकी कुल संपत्ति में और इजाफा होगा।
रविंद्र जडेजा की नेट वर्थ (2021): 13 मिलियन अमेरिकी डॉलर
मासिक आय और वेतन: 1.2 करोड़ रुपए से ज्यादा
सालाना आय: 16 करोड़ रुपए से ज्यादा
रविंद्र जडेजा की आईपीएल सैलरी
साल | टीम | सैलरी (रुपए में) |
2022 (रिटेन) | चेन्नई सुपर किंग्स | 160,000,000 |
2021 | चेन्नई सुपर किंग्स | 70,000,000 |
2020 (रिटेन) | चेन्नई सुपर किंग्स | 70,000,000 |
2019 (रिटेन) | चेन्नई सुपर किंग्स | 70,000,000 |
2018 | चेन्नई सुपर किंग्स | 70,000,000 |
2017 | गुजरात लायंस | 95,000,000 |
2016 | गुजरात लायंस | 55,000,000 |
2015 | चेन्नई सुपर किंग्स | 55,000,000 |
2014 | चेन्नई सुपर किंग्स | 55,000,000 |
2013 | चेन्नई सुपर किंग्स | 92,000,000 |
2012 | चेन्नई सुपर किंग्स | 92,000,000 |
2011 | कोच्चि टस्कर्स केरल | 43,700,000 |
2009 | राजस्थान रॉयल्स | 1,200,000 |
2008 | राजस्थान रॉयल्स | 1,200,000 |
कुल | —- | 930,100,000 |





बचपन में करना पड़ा था दिक्कतों का सामना
टीम इंडिया के चहेते ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का जन्म 6 दिसंबर 1988 को गुजरात के जामनगर में हुआ था। जडेजा का बचपन काफी समस्याओं से गुजरा। उनके पिता एक सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते थे, जबकि मां पेशे से एक नर्स थीं। जडेजा के सफल क्रिकेटर बनने से पहले उनका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था। इस कारण उन्हें टीम इंडिया का स्टार बनने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बेटे को टीम इंडिया की जर्सी में नहीं देख पाईं मां
रविंद्र के पिता उन्हें सेना में भेजना चाहते थे, जबकि मां चाहती थीं कि वह क्रिकेटर बने। जडेजा ने अपनी मां के सपने को पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर बनकर दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई। दुख की बात यह है कि उनकी मां अपने बेटे को टीम इंडिया की जर्सी में नहीं देख पाईं। साल 2005 में एक दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। उनकी मां की मृत्यु का जडेजा पर इतना बुरा प्रभाव पड़ा कि उन्होंने क्रिकेट छोड़ने का मन बना लिया था।

राजनीति में सक्रिय हैं पत्नी रीवा सोलंकी
रविंद्र जडेजा 17 अप्रैल 2016 को शादी के बंधन में बंध गए। उनकी शादी रीवा सोलंकी से हुई है। जडेजा की एक बेटी है। उसका नाम निध्याना है। रीवा सोलंकी राजनीति में आ गई हैं। उन्होंने 2019 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता हासिल की थी। रीवा अब समाज सेवा से संबंधित कई कार्य करती हैं।
श्रीलंका के खिलाफ मैच से किया था इंटरनेशनल डेब्यू
रविंद्र जडेजा ने 8 फरवरी 2009 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच से इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया था। दो दिन बाद यानी फरवरी 2009 को उन्हें श्रीलंका के खिलाफ मैच में टी20 कैप भी हासिल हो गई थी। जडेजा ने 13 दिसंबर 2012 को इंग्लैंड के खिलाफ मैच से टेस्ट में अपना डेब्यू किया था।
डिसक्लेमर: रविंद्र जडेजा की उपरोक्त नेट वर्थ की जानकारी विभिन्न वेबसाइट्स और मीडिया रिपोर्ट्स से हासिल की गई है। जनसत्ता.कॉम इसकी 100% सटीकता की गारंटी नहीं देता है।