रविचंद्रन अश्विन ने 15 फरवरी 2021 को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में इतिहास रचा। वह टेस्ट क्रिकेट में एक मैच में सबसे ज्यादा बार शतक लगाने और पांच विकेट लेने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए। यही नहीं वह इस मामले में वह दुनिया में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। उन्होंने गैरी सोबर्स, मुश्ताक मोहम्मद, जैक्स कैलिस और शाकिब अल हसन जैसे दिग्गज ऑलराउंडर्स को पीछे छोड़ दिया। वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 5 विकेट लेने के साथ-साथ शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में तीसरी बार एक पारी में शतक और पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। उन्होंने वीनू मांकड़ और पॉली उमरीगर को पीछे छोड़ा। वीनू मांकड़ और पॉली उमरीगर ने अपने करियर के दौरान टेस्ट क्रिकेट में 2-2 बार एक पारी में शतक और 5 विकेट लेने की उपलब्धियां अपना नाम की थीं। अब अश्विन उनसे आगे निकल गए हैं। ओवरऑल बात करें तो टेस्ट मैच की एक पारी में शतक और 5 विकेट लेने का सबसे ज्यादा बार कारनामा इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर इयान बॉथम के नाम है। इयान बॉथम ने अपने करियर के दौरान 5 बार ऐसा किया था।
रविचंद्रन अश्विन पहले भारतीय हैं, जिन्होंने गृह मैदान पर टेस्ट मैच की एक पारी में शतक और 5 विकेट लिए हैं। एक दिन पहले यानी 14 फरवरी 2021 को मोहम्मद सिराज ने भी गृह मैदान से जुड़ी उपलब्धि अपने नाम की थी। वह टेस्ट क्रिकेट में गृह मैदान पर पहली गेंद पर विकेट लेने वाले पहले भारतीय बने थे। इससे पहले सुरेश रैना ने टेस्ट क्रिकेट में भारत में अपनी दूसरी गेंद पर विकेट लेने का कारनामा किया गया था। तब उन्होंने रिकी पोंटिंग को अपना शिकार बनाया था।
अश्विन की उपलब्धि की आईसीसी ने भी तारीफ की है। उसने यह वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। देखें वीडियो
Crowd favourite
R Ashwin’s first Test century at his home ground!#INDvENG pic.twitter.com/Fpa2XPOfEC
— ICC (@ICC) February 15, 2021
अश्विन और सिराज ने आखिरी विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की। इतने रनों की साझेदारी पहली पारी में इंग्लैंड की ओर से किसी भी विकेट के लिए नहीं हो पाई थी। अश्विन ने 40 मैच और 4.5 साल (54 महीने) बाद टेस्ट में शतक लगाया है। इससे पहले उन्होंने अगस्त 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाया था। तब टेस्ट में उन्होंने 118 रन की पारी खेली थी। उन्होंने इससे पहले घरेलू मैदान पर आखिरी शतक नवंबर 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में ही लगाया था। तब उन्होंने 167 रन की पारी खेली थी।