रणजी ट्रॉफी के चौथे राउंड के आखिरी दिन मंगलवार (11 नवंबर) को मध्य प्रदेश ने जबरदस्त पलटवार करते हुए 3 विकेट से जीत दर्ज की। सारांश जैन ने 82 रन की पारी खेलकर गोवा के जबड़े से जीत छीन ली। गोवा के लिए मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का बल्ले और गेंद दोनों से प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, लेकिन टीम एक समय मजबूत स्थिति में थी।
मध्य प्रदेश की टीम पहली पारी में 187 रन पर आउट हो गई थी। पहली पारी में 284 रन बनाने वाली गोवा को 97 रन की बढ़त हासिल की थी। उसने मध्य प्रदेश को 328 रन का लक्ष्य दिया था। इसके बाद भी उसे हार का सामना करना पड़ा। सारांश जैन जब क्रीज पर आए तब मध्य प्रदेश का स्कोर 4 विकेट पर 176 रन था। उन्हें पुछल्ले बल्लेबाजों से अच्छा साथ मिला। सारांश ने अरशद जैन के साथ 65 रन की साझेदारी की।
अरशद खान की अच्छी बल्लेबाजी
अरशद खान ने नाबाद 25 रन बनाए। सारांश जैन ने 132 गेंद पर 9 चौके लगाए। कप्तान शुभम शर्मा ने 134 गेंद पर 72 रन बनाए। इसके अलावा हर्ष गवली ने 54 रन की पारी खेली। मध्य प्रदेश के लिए हरप्रीत सिंह भाटिया ने 35 और हिमांशु मंत्री ने 22 रन बनाए। ऋषभ चौहान ने 14, यश दुबे ने 4 और आर्यन पांडे ने 3 रन बनाए।
अर्जुन तेंदुलकर का खराब प्रदर्शन
गोवा के लिए ललित यादव और दर्शन मिसल ने 2-2 विकेट लिए। अर्जुन तेंदुलकर, कौशिक वी और मोहित रेडकर ने 1-1 विकेट लिए। अर्जुन ने मध्य प्रदेश की पहली पारी में 2 विकेट झटके थे। बल्ले से दोनों पारियों में उन्होंने निराश किया। गोवा की पहली पारी में 1 और दूसरी पारी में बगैर खाता खोले आउट हुए थे।
मध्य प्रदेश शीर्ष पर
रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप बी में मध्य प्रदेश शीर्ष पर है। उसके 4 मैच में 1 जीत से 15 अंक हैं। कर्नाटक 4 मैच में 1 जीत और 14 अंक के साथ दूसरे नंबर पर है। महाराष्ट्र 4 मैच में 1 जीत और 13 अंक के साथ तीसरे नंबर पर है। गोवा 4 मैच में 1 जीत, 1 हार और 11 अंक के साथ चौथे नंबर पर है।
