भारतीय टी20 टीम के स्टार फिनिशर और बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने टी20 में कमाल करने के बाद अब रेड बॉल क्रिकेट में भी दावेदारी ठोकी है। रिंकू सिंह ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टी20 सीरीज के लिए जाने से पहले रणजी ट्रॉफी 2025 के पहले राउंड में बेहतरीन शतकीय पारी खेली। उन्होंने पहले राउंड के मुकाबले में आंध्र प्रदेश के खिलाफ अपना आठवां फर्स्ट क्लास शतक बनाया। दूसरे राउंड के मैच में रिंकू राष्ट्रीय ड्यूटी के कारण रणजी ट्रॉफी में नहीं खेल पाएंगे। 29 अक्टूबर से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज होगी।

रिंकू सिंह की बात करें तो 220 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश की टीम को संभाला। भारतीय खिलाड़ी ने शतक जड़ते हुए विप्रज निगम के साथ 100 से ऊपर की साझेदारी की। फर्स्ट क्लास क्रिकेट यानी रेड बॉल फॉर्मेट में यह उनका 8वां शतक है। रिंकू ने 2016 में रणजी ट्रॉफी डेब्यू किया था। इस मैच में पहले खेलते हुए आंध्र प्रदेश ने 470 रन बनाए थे। रिंकू सिंह के शतक तक यूपी की टीम ने 6 विकेट पर 332 रन बना लिए थे। विप्रज निगम 42 और रिंकू 100 रन बनाकर नाबाद थे। टीम अभी भी 138 रन से पीछे थी। इस पारी के साथ रिंकू ने दिखा दिया है कि उनके अंदर रेड बॉल क्रिकेट खेलने का भी दम है। उन्हें भारत के लिए टेस्ट डेब्यू का इंतजार है।

रिंकू सिंह के आंकड़े शानदार

रिंकू सिंह की बात करें तो वह भारत के लिए दो वनडे और 34 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। दो एकदिवसीय मैचों में उन्होंने 55 रन बनाए और 41 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। वहीं 25 टी20 पारी में रिंकू के बल्ले से 550 रन निकले जिसमें तीन अर्धशतक भी शामिल थे। फर्स्ट कलास क्रिकेट में रिंकू सिंह का यह 51वां मुकाबला है और उनके नाम 3400 से अधिक रन दर्ज हैं। रिंकू के नाम इस दौरान 8 शतक और 22 अर्धशतक भी दर्ज हुए।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहली बार जाएंगे रिंकू

रिंकू सिंह 29 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे। इससे पहले वह आखिरी बार एशिया कप 2025 के फाइनल में नजर आए थे। उन्होंने फाइनल मुकाबले में चौका मारकर टीम इंडिया को जीत दिलाई थी। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में उनके ऊपर नजरें होंगी। वह फिलहाल सिर्फ टी20 फॉर्मेट खेलते हैं। वनडे में दिसंबर 2023 के बाद से उन्हें नहीं चुना गया है।