क्रिकेट के भगवान और दुनिया के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर वैसे तो एक ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। लेकिन मौजूदा रणजी ट्रॉफी 2025 में उनका बल्ले से लगातार फ्लाप शो जारी है। मध्यप्रदेश के खिलाफ गोवा की टीम रणजी ट्रॉफी 2025 के पहले राउंड का चौथा मुकाबला खेल रही है। इस मैच में पहली पारी में अर्जुन ने 1 रन बनाया था तो दूसरी पारी में वह खाता भी नहीं खोल पाए और जीरो पर आउट हो गए।
अर्जुन तेंदुलकर ने रणजी के इस सीजन में अभी तक 9 विकेट लिए हैं। गोवा की गेंदबाजी इस मुकाबले में जारी है और मध्य प्रदेश के सामने 328 रन का लक्ष्य है। पहली पारी में अर्जुन ने गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए थे। अब दूसरी पारी में गेंद से वह कितना कमाल करते हैं यह देखने वाली बात होगी। मगर बल्ले से जूनियर तेंदुलकर का फ्लाप शो उनकी टीम गोवा के लिए मुसीबत बन रहा है।
अर्जुन के आंकड़े कुछ खास नहीं…
इस सीजन चार पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 49 रन निकले हैं। कर्नाटक के खिलाफ उन्होंने 47 रन की पारी जरूर खेली थी। लेकिन उसके अलावा अर्जुन तेंदुलकर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए हैं। लिस्ट ए और फर्स्ट क्लास क्रिकेट मिलाकर पिछली 10 पारियों की बात करें तो अर्जुन ने एक अर्धशतक तक नहीं लगाया है।
वहीं फर्स्ट क्लास में उनके नाम 21 मैचों में 581 रन दर्ज हैं जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। शतक अर्जुन ने अपने रणजी डेब्यू में ही लगाया था। उनके नाम 21 मैचों की 34 पारियों में अभी तक 46 विकेट भी दर्ज हैं। लिस्ट ए और टी20 घरेलू क्रिकेट में अर्जुन ने एक भी बार बल्लेबाजी में 50 का आंकड़ा नहीं छुआ है।
मध्य प्रदेश के सामने 328 का लक्ष्य
गोवा की टीम ने इस मैच में मध्य प्रदेश के सामने 328 रन का लक्ष्य रखा है। पहली पारी में गोवा ने 284 रन बनाए थे जवाब में एमपी की टीम 187 पर ढेर हो गई थी। उसके बाद दूसरी पारी में गोवा ने 230 रन बनाए और कुल 327 रन की बढ़त हासिल कर ली। इसी के साथ 328 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमपी की टीम ने तीसरे दिन के अंत तक एक विकेट गंवाकर 21 रन ही बनाए थे।
