कर्नाटक क्रिकेट का भविष्य उज्ज्वल दिख रहा है। राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अनवय द्रविड़ को रविवार 5 अक्टूबर 2025 को KSCA (कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ) के वार्षिक अवॉर्ड समारोह में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। अनवय ने अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में कर्नाटक की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाकर सबका दिल जीत लिया।
अनवय द्रविड़ ने 6 मैच की आठ पारियों में 91.80 के औसत से 459 रन बनाए। इसमें उनके दो शतक भी शामिल हैं। अनवय ने अपने इस प्रदर्शन के दौरान 46 चौके और 2 छक्के भी जड़े। यह लगातार दूसरी बार है जब KSCA ने उनके प्रदर्शन को सराहा है।
पुरस्कार विजेताओं में भारत के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल भी शामिल थे। मयंक अग्रवाल को विजय हजारे ट्रॉफी में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मयंक अग्रवाल ने पिछले सीजन में 93 के औसत से 651 रन बनाए और लिस्ट ए प्रतियोगिता में कर्नाटक के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बने।
KSCA ने अनवय के अलावा इन खिलाड़ियों को भी किया गया सम्मानित
- मयंक अग्रवाल: भारतीय सलामी बल्लेबाज को विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक की ओर से सबसे ज्यादा रन (651) बनाने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने करीब 93 के औसत से रन बनाएं।
- आर. स्मरण: बाएं हाथ के होनहार युवा बल्लेबाज को रणजी ट्रॉफी में 2 शतकों के साथ 516 रन बनाने के लिए सम्मानित किया गया। आर स्मरण ने 64.50 के औसत से रन बनाए।
- केएल श्रीजीत: विकेटकीपर बल्लेबाज को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए सबसे ज्यादा रन (213) बनाने के लिए सम्मानित किया गया।
- गेंदबाजी विभाग: लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 14 विकेट लेने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा वासुकी कौशिक को उनके 23 विकेटों के लिए सम्मानित किया गया। हालांकि, उन्हें 2025-26 के घरेलू सत्र से पहले गोवा स्थानांतरित कर दिया गया।
समारोह में महिला क्रिकेट की उपलब्धियों का भी जश्न मनाया गया। इस साल की शुरुआत में मलेशिया में आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय अंडर-19 महिला टीम की प्रमुख सदस्य निकी प्रसाद, मिथिला विनोद और प्रदर्शन विश्लेषक माला रंगास्वामी को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अभिषेक शर्मा ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर T20 सीरीज में रन बनाने में सफल हो पाएंगे या नहीं, एबी डिविलियर्स ने बताया