दुनिया के महानतम टेनिस खिलाड़ियों में से एक स्पेन के राफेल नडाल सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। उन्होंने स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के बराबर 20 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। नडाल ने इस साल 13वीं बार फ्रेंच ओपन खिताब अपने नाम किया था। स्पेन के इस स्टार खिलाड़ी ने पिछले साल शादी की थी। उन्होंने 22 अक्टूबर 2019 को अपनी प्रेमिका सिस्का पेरेलो के साथ विवाह किया था।। दोनों ने स्पेन के सबसे महंगे ‘ला फोर्टालेजा’ रिसार्ट्स में शादी की थी।
नडाल की लव स्टोरी काफी रोमांचक हैं। उन्होंने सिस्का पेरेलो के साथ 15 साल डेट करने के बाद शादी की थी। 32 साल की सिस्का इंश्योरेंस पॉलिसी वर्कर और बिजनेस ग्रेजुएट हैं। वे राफा नडाल फाउंडेशन की प्रोजेक्ट मैनेजर भी हैं। इसे नडाल ने करीब 10 साल पहले लांच किया था। दोनों ने 2005 में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। इससे पहले से दोनों दोस्त थे। दोनों ने पिछले साल जनवरी में पहले इंगेजमेंट किया और फिर अक्टूबर में शादी के बंधन में बंध गए।
अपनी शादी पर इतना पैसा खर्च करने के बावजूद नडाल ने पत्नी सिस्का पेरेलो के साथ सिर्फ एक दिन ही हनीमून (Honeymoon) मनाया। इसके पीछे कारण सिर्फ उनका टेनिस के प्रति अथाह प्रेम था। वे उस समय पेरिस मास्टर्स टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले थे। सिस्का और नडाल अभी तक माता-पिता नहीं बने हैं। इस बारे में पूछे जाने पर नडाल ने कहा था कि वे पिता बनना चाहते हैं, लेकिन सही समय का इंतजार कर रहे हैं। सिस्का सोशल मीडिया पर नहीं हैं।
सिस्का ने अब तक सिर्फ एक बार इंटरव्यू दिया है। वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में आमतौर पर दूर रहती हैं। सिस्का ने अपने इंटरव्यू में खुलासा किया कि वह अपने रिश्ते को बनाए रखने के लिए नडाल के अधिकांश टेनिस मैचों में शामिल नहीं होना चाहती है। 2011 में द टेलीग्राफ को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि नडाल को अपने खेल पर ध्यान लगाने के लिए स्पेस और समय चाहिए होता है। टेनिस के अलावा वो मुझे ही सबसे ज्यादा समय देते हैं। सिस्का लंबे समय बाद 2020 ऑस्ट्रेलियन ओपन में नजर आई थीं। तब नडाल ने निक किरयोस को चार सेट तक चले मुकाबले में हराया था।