इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डीकॉक की गिनती दुनिया के धाकड़ बल्लेबाजों में होती है। विकेटकीपिंग कौशल के साथ उम्दा बल्लेबाजी स्किल होने के कारण दुनिया भर की टी20 लीग में उनकी बनी रहती है।

आईपीएल में भी वह जब तक क्रीज पर रहते हैं, साथियों को यह विश्वास रहता है कि टीम संकट में नहीं फंसेगी। फैंस भी उनकी जय-जयकार करते हैं। खास यह है कि इस विकेटकीपर बल्लेबाज की प्यार की कहानी भी जय-जयकार (चीयर करने) से शुरू हुई थी।

बात साल 2012 टी20 चैंपियंस लीग की है। यह टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका में ही खेला गया था। टूर्नामेंट में आईपीएल 2012 की शीर्ष 4 टीमों (दिल्ली डेयरडेविल्स, मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपरकिंग्स) ने भी हिस्सा लिया था। दक्षिण अफ्रीका की भी दो टीमों (हाईवेल्ड लॉयंस और टाइटंस) ने भी टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया था।

14 अक्टूबर 2012 को हाईवेल्ड लॉयंस और मुंबई इंडियंस के बीच मैच खेला गया। लॉयंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 157 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हाईवेल्ड लॉयंस ने 18.5 ओवर में 2 विकेट पर 158 रन बना मैच अपने नाम कर लिया।

हाईवेल्ड लॉयंस की ओर से क्विंटन डीकॉक ने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 33 गेंद में 51 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने ऐसे समय टीम को संभाला और जीत दिलाई, जब उसने 6.5 ओवर में सिर्फ 37 रन पर 2 विकेट गंवा दिए थे।

मैच के बाद क्विंटन डीकॉक की पारी की सभी ने तारीफ की। हाईवेल्ड लॉयंस की चीयरलीडर साशा हर्ले भी डीकॉक को बधाई देने से खुद को रोक नहीं पाईं। मैच खत्म होते ही वह मैदान पर पहुंच गईं और डीकॉक को बधाई दी। डीकॉक उन्हें देखते ही अपना दिल हार बैठे।

डीकॉक उस समय उन्हें बधाई का जवाब भी नहीं दे पाए। बाद में फेसबुक के जरिए उन्होंने साशा की बधाई का जवाब दिया। इसके बाद दोनों में बातचीत का सिलसिला चल पड़ा। हालांकि, डीकॉक की साशा के साथ भले ही बातचीत शुरू हो गई हो, लेकिन साशा से अपने दिल की बात कहने में वह शर्माते रहे।

वह बात करने के लिए साशा से उनका मोबाइल नंबर तक नहीं मांग पा रहे थे। हालांकि, कुछ समय बाद डीकॉक ने हिम्मत जुटाकर साशा को प्रपोज कर ही दिया। डीकॉक ने एक इंटरव्यू में बताया था, ‘जब मैंने साशा को मैदान पर देखा तो मेरे होश उड़ गए।’

डीकॉक ने बताया, ‘मैं उनकी बधाई के जवाब में कुछ कह ही नहीं पाया। कुछ समय बाद मैंने फेसबुक पर उनकी बधाई का जवाब दिया। वहीं से हम अच्छे दोस्त बने और यह दोस्ती प्यार में बदल गई।’ डीकॉक ने कई साल तक डेट करने के बाद 2016 में साशा से शादी की।

क्विंटन डीकॉक की हमसफर साशा हर्ले को यात्रा करना बहुत पसंद है। उनके शौक में नौका विहार और मछली पकड़ना भी शामिल है। वह शराब पीने की भी शौकीन हैं। हैरानी की बात है कि उन्हें शूटिंग करना भी पसंद है।