PSL 2020 ISU vs MS (Islamabad United vs Multan Sultans): पाकिस्तान सुपर लीग के पांचवें सीजन का पांचवा मैच इस्लामाबाद यूनाइटेड और मुल्तान सुल्तांस के बीच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम पर खेला गया। इस मैच में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने मुल्तान सुल्तांस को 8 विकेट से हरा दिया। इस्लामाबाद के लिए खास बात यह रही कि उसने इस मैच में वाइड से खाता खोला और जीत भी गेंद वाइड होने के कारण मिली।
इस मैच में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। मुल्तान सुल्तांस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 164 रन बनाए। उसकी ओर से जेम्स विंसे ने 31 गेंद पर 42 और जीशान अशरफ ने 29 गेंद पर 50 रन की पारी खेली। इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से अमद बट ने 27 रन देकर 4 विकेट लिए। फहीम अशरफ ने 34 रन देकर 2 विकेट लिए। मोहम्मद मूसा और आकिफ जावेद भी 1-1 विकेट लेने में सफल रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इस्लामाबाद ने कॉलिन मुनरो (50 रन, 32 गेंद, 3 चौके, 4 छक्के), ल्यूक रोंची (74 रन, 45 गेंद, 9 चौके, 2 छक्के) और डेविड मलान (35 रन, 21 गेंद, 5 चौके, एक छक्का) की मदद से 16.4 ओवर में 165 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस्लामाबाद की इस टूर्नामेंट में यह पहली जीत है। 20 फरवरी को खेले गए उद्घाटन मैच में उसे क्वेटा ग्लैडिएटर्स के खिलाफ 3 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं, मुल्तान सुल्तांस ने 21 फरवरी को अपने पहले मैच में लाहौर कलंदर्स को 5 विकेट से हराया था।
मुल्तान सुल्तांस की ओर से इमरान ताहिर सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने 4 ओवर में 44 रन दिए। मोइन अली ने एक ओवर में 19 रन दिए। मोहम्मद इलियास और शाहिद अफरीदी ने 1-1 विकेट लिए।
17वें ओवर में इस्लामाबाद को जीत के लिए तीन रनों की जरूरत थी। पहली गेंद पर मलान ने एक रन ले लिया, लेकिन दूसरी गेंद पर ल्यूक रोंची जेम्स विंसे के हाथों मिड-विकेट पर लपक लिए गए। हालांकि, वे अपना काम पूरा कर चुके थे। उनकी जगह कॉलिन इनग्राम क्रीज पर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर एक रन लेकर स्कोर बराबर किया। अगली गेंद वाइड हो गई और इस्लामाबाद ने मैच अपने नाम कर लिया। इस्लामाबाद की इस टूर्नामेंट में यह पहली जीत है। यहां यह भी काबिलेगौर है कि इस्लामाबाद का खाता भी वाइड से खुला था।
14वां ओवर मोहम्म इरफान लेकर आए। उनकी पहली ही गेंद पर रोंची ने चौका जड़ दिया। दूसरी गेंद पर उन्होंने फिर मिड-ऑफ की ओर शॉट खेला। गेंद कप्तान शान मसूद के हाथ में पहुंच गई थी, लेकिन उनसे कैच छूट गया। रोंची ने भागकर एक रन भी ले लिया। मलान ने तीसरी गेंद पर चौका जड़ दिया।
कॉलिन मुनरो की जगह डेविड मलान बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने चौके से अपना खाता खोला। इस्लामाबाद यूनाइटेड को अब जीत के लिए 50 गेंद में 49 रन की जरूरत है। ऐसा लग रहा है कि वह यह लक्ष्य और जल्द पा लेगा।
11वां ओवर मोइन अली लेकर आए। ऐसा लगा रोंची उनका ही इंतजार कर रहे थे। रोंची ने इस ओवर में 3 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। कहना गलत नहीं होगा कि शाहिद अफरीदी के मुनरो के आउट करने की खुशी काफूर हो गई होगी।
10वां ओवर दोनों ही टीमों के लिए खास रहा। शाहिद अफरीदी के इस ओवर की तीसरी गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, पांचवीं गेंद पर वे बोल्ड हो गए। मुनरो ने 31 गेंद पर 3 चौके और 4 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया था।
मोहम्मद इलियास अपनी लय बरकरार नहीं रख पाए। उन्होंने अपने पहले ओवर में सिर्फ 4 रन दिए थे। लेकिन अपने दूसरे यानी पारी के 7वें ओवर में 10 रन दे डाले। उनके इस ओवर की पांचवीं गेंद पर कॉलिन मुनरो ने छक्का भी मारा। मुनरो का स्कोर अब 23 गेंद पर 39 रन हो गया है।
छठा ओवर मोहम्मद इरफान ने फेंका। इस ओवर में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने 12 रन बनाए। इसमें रोंची के खाते से 7 और मुनरो के खाते से 5 रन बनाए। मुल्तान को यदि यह मैच जीतना है तो जल्द ही रोंची और मुनरो की साझेदारी को तोड़ना होगा।
सोहेल तनवीर ने भी पांचवां ओवर कंटीन्यू नहीं किया। उनकी जगह मोहम्मद इलियास ने गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 4 रन दिए। यानी वे रोंची और मुनरो पर पूरी तरह से लगाम लगाने में सफल रहे।
चौथा ओवर इमरान ताहिर की जगह मोहम्मद इरफान ने फेंका। हालांकि, वे भी रोंची और मुनरो पर लगाम लगाने में असफल रहे। रोंची ने उनकी तीसरी और चौथी गेंद को बाउंड्री के बाहर भेज दिया।
ल्यूक रोंची और कॉलिन मुनरो ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को तूफानी शुरुआत दी। रोंची 7 गेंद पर 12 और मुनरो 8 गेंद पर 22 रन बनाकर खेल रहे हैं। तीन ओवर में इस्लामाबाद यूनाइटेड का स्कोर बिना विकेट खोए 38 रन हो चुका है। सोहेल तनवीर 2 ओवर में 16 रन दे चुके हैं। इमरान ताहिर ने पारी का दूसरा ओवर फेंका। उनके ओवर में 22 रन बने।
165 रन का पीछा करने उतरी इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से ल्यूक रोंची और कॉलिन मुनरो ने पारी की शुरुआत की। मुल्तान सुल्तांस की ओर से सोहेल तनवीर पहला ओवर लेकर आया। उनकी पहली ही गेंद वाइड रही। इस तरह इस्लामाबाद का खाता वाइड से खुला।
जीशान अशरफ के शानदार अर्धशतक की मदद से मुल्तान सुल्तांस ने इस्लामाबाद यूनाइटेड को जीत के लिए 165 रन का लक्ष्य दिया है। अब देखना है कि इस्लामाबाद यूनाइटेड इस लक्ष्य को पाने के लिए क्या रणनीति अपनाती है। हालांकि, इस विकेट पर यह लक्ष्य पाना आसान नहीं होगा। ऐसे में मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है।
जीशान अशरफ ने 28 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। हालांकि, फिफ्टी पूरी करने के बाद वे अपना धैर्य बनाए नहीं रख पाए और फहीम अशरफ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर शादाब खान को अपना कैच थमा बैठे।
अमद बट ने 19वां ओवर फेंका। उनकी शुरुआती दो गेंदों पर सोहेल तनवीर ने चौका मारे। इसके साथ ही सुल्तांस का स्कोर 150 के पार पहुंच गया। हालांकि, पांचवीं गेंद पर वे अपना विकेट गंवा बैठे। बट ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया। तनवीर ने रिव्यू लिया, लेकिन थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर के फैसले को सही करार दिया। उनकी जगह मोहम्मद इलियास क्रीज पर आए।
17वें ओवर में जीशान अशरफ ने एक चौका और एक छक्का लगाया। इस ओवर से सुल्तांस ने 13 रन बनाए। आकिफ जावेद के इस ओवर में जीशान ने चौथी गेंद पर छक्का और पांचवीं गेंद पर चौका लगाया। हालांकि, 18वें ओवर की पहली ही गेंद पर सुल्तांस को तगड़ा झटका लगा। मोहम्मद मूसा की गेंद पर अफरीदी छक्का मारने के चक्कर में स्क्वायर लेग पर आकिफ के हाथों कैच आउट हो गए।
आकिफ जावेद 15वां ओवर लेकर आए। उनकी दूसरी गेंद पर जीशान ने छक्का जड़ा। अगली गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने स्ट्राइक खुशदिल शाह को दी। खुशदिल शाह ने भी छक्का लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद पूरी तरह से उनके बल्ले पर आई नहीं और ऑफ साइड की ओर से बहुत ऊंचे उठ गई, जहां विकेटकीपर ल्यूक रोंची ने शानदार कैच पकड़ लिया।
14वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी हुसैन तलत ने संभाली। उनकी दूसरी गेंद पर जीशान अशरफ ने छक्का जड़ दिया। इसके अगली गेंद पर उन्होंने एक रन लिया। इसके साथ ही मुल्तान सुल्तांस का शतक पूरा हो गया।
13वें ओवर की तीसरी गेंद पर जीशान अशरफ रन आउट होने से बच गए। बैकवर्ड पॉइंट से स्ट्राइकर एंड पर फेंका गया थ्रो विकेट की गिल्लियां बिखेर गया, लेकिन टीवी रीप्ले में देखा गया कि जीशान का बल्ला क्रीज को छू चुका था।
12वां ओवर अमद बट लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद से जीशान अशरफ को परेशान करना शुरू कर दिया। आखिरकार पांचवीं गेंद में उनको सफलता मिल ही गई। हालांकि, उनका शिकार विंसे बने। विंसे उनकी यार्कर पर बोल्ड हो गए। विंसे ने 31 गेंद में 42 रन बनाए।
11वां ओवर शादाब खान लेकर आए। उनके इस ओवर की तीसरी और पांचवीं गेंद को जेम्स विंसे ने बाउंड्री के बाहर भेज दिया। इस ओवर में सुल्तांस ने 10 रन बनाए। विंसे इस समय 30 गेंद पर 42 रन बनाकर खेल रहे हैं। वे अपने अर्धशतक से 8 रन दूर हैं।
रिले रोसौव अपनी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। एक्स्ट्रा कवर पर खड़े फहीम अशरफ को वह आसान सा कैच दे बैठे। उनकी जगह जीशान अशरफ आए हैं।
शान मसूद के आउट होने के बाद मोईन अली उनकी जगह लेने आए। वह भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए और मात्र 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।फहीम अशरफ ने उनका कैच लिया और विकेट अमद बट्ट के हिस्से में गया। रिले रोसौव आए हैं।
मुल्तान सुल्तांस को पहला झटका शान मसूद के रूप में लगा वह 21 रन बनाकर पवेलियन लौटे। फहीम अशरफ की गेंद पर मोहम्मद मूसा ने उनका कैच लपका। उनकी जगह मोईन अली खेलने आए।
चार ओवर का खेल खत्म हो गया है। आकिफ टीम की ओर से चौथा ओवर फेंक रहे थे। इस ओवर में दो चौके आए जिसकी बदौलत टीम का स्कोर 20 रन हो गया है। तीसर ओवर में रन आउट का एक मौका बना था लेकिन शादाब के खराब थ्रो के चलते टीम ने मौका गंवाया। फिलहाल मुल्तान सुल्तांस के दोनों ओपनर क्रीज पर मौजूद हैं।
जेम्स विंस के बल्ले से शानदार चौका निकला आकिफ की गेंद पर उन्होंने लॉन्ग ऑन की दिशा में चौका मारा। मुल्तान सुलतांस का स्कोर चौके की मदद से 14 रन हो गया है।
इस्लामाबाद यूनाइटेड की ओर से पहला ओवर मोहम्मद मूसा लेकर आए। मुल्तान सुल्तांस की ओर से कप्तान शान मसूद और जेम्स विंस ने पारी की शुरुआत की। पहले ओवर में सुल्तांस सिर्फ 3 रन ही बना पाए। मैच पर अपनी पकड़ बनाने के लिए मसूद और जेम्स को जल्द ही लय में आना होगा।
इस्लामाबाद यूनाइटेड : शादाब खान (कप्तान), आकिफ जावेद, अमद बट, आसिफ अली, कॉलिन इनग्राम, कॉलिन मुनरो, डेविड मलान, फहीम अशरफ, हुसैन तलत, मोहम्मद मूसा।
मुल्तान सुल्तांस : शान मसूद (कप्तान), इमरान ताहिर, जेम्स विंस, खुशदिल शाह, मोइन अली, मोहम्मद इलियास, मोहम्मद इरफान, रिले रोसौव, शाहिद अफरीदी, सोहेल तनवीर, जीशान अशरफ।