भारतीय लेग स्पिनर पीयूष चावला ने जब 2007 में वर्ल्ड टी20 में हिस्सा लिया था तब वो 18 साल के थे। उस टूर्नामेंट में टीम इंडिया चैंपियन बनी थी। इसके बाद पीयूष 2011 में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के भी सदस्य थे। उस समय वे 22 साल के थे। पीयूष जब पहली टीम के लिए चुने गए थे तो उस समय 17 साल के थे। वे सचिन तेंदुलकर के बाद भारत के लिए खेलने वाले दूसरे युवा खिलाड़ी हैं। पीयूष का लव लाइफ भी काफी रोमांचक रहा है। इसका खुलासा उन्होंने खुद एक बार किया था।
दरअसल, पीयूष चावला और युजवेंद्र चहल एक बार कपिल शर्मा के शो पर गए थे। इस दौरान दोनों ने अपने बारे में कई बातें बताईं। कपिल ने पीयूष से पूछा, ‘‘पीयूष आपने बहुत सारे विकेट लिए हैं। आपका विकेट किसने लिया यानी कि आपकी शादी अरेंज मैरिज हुई या लव मैरिज।’’ इस पर पीयूष ने कहा, ‘‘लव मैरिज हुई थी। हमलोग पड़ोसी थी। हमलोग कभी मुरादाबाद में नहीं मिले। हमेशा दिल्ली में ही मिले थे। मेरी पत्नी के दोनों भाई डॉक्टर हैं। उन दोनों का लगातार ट्रांसफर होते रहता है। इसलिए मेरी पत्नी दिल्ली में ही रहती थी।’’ पीयूष की पत्नी का नाम अनुभूति है।
इसके बाद पीयूष ने आगे बताया, ‘‘मैंने पापा से बाद में कहा कि दिल्ली से मुरादाबाद में बहुत समय लगता है। इसलिए मैं एक घर दिल्ली में ही ले लेता हूं। जब ज्यादा समय होगा तो मैं आ जाया करूंगा। जब कम समय होगा तो आप आ जाना।’’ इसके बाद कपिल ने मजे लेते हुए कहा कि पापा को पता नहीं था कि बेटा मुरादाबाद से बाहर अपनी मुरादें पूरी करता है। इस पर पीयूष ने जवाब देते हुए कहा कि पापा लोगों को सब पता होता है, लेकिन वो बताते नहीं हैं।
पीयूष ने भारत के लिए डेब्यू इग्लैंड के खिलाफ मोहाली टेस्ट में किया था। इसके बाद 2007 में उन्होंने ढाका में बांग्लादेश के खिलाफ पहला वनडे मैच खेला था। 2010 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्रॉस आइसलेट में पहला टी20 मैच खेला था। उन्होंने 3 टेस्ट में 7, 25 वनडे में 32 और 7 टी20 में 4 विकेट लिए हैं। उन्होंने देश के लिए आखिरी मैच इंग्लैंड के खिलाफ 2012 में मुंबई में खेला था। पीयूष ने आईपीएल के 164 मैच में 156 विकेट चटकाए हैं। वे फिलहाल महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपरकिंग्स में हैं।