भारत के पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में खराब प्रदर्शन कर रहे पंजाब किंग्स (PBKS) के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आईपीएल में 156 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट वाला ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी “हैली धूमकेतु (Halley Comet) की तरह है। वह 75 में से एक मैच में अच्छा प्रदर्शन करता है। मांजरेकर ने मैक्सवेल के फॉर्म को लेकर यह बात तब कही जब 36 वर्षीय खिलाड़ी शनिवार (6 अप्रैल) को मुल्लांपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 206 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब को संकट से उबारने में असफल रहे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सातवें ओवर में छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे मैक्सवेल बाउंड्री लगाने के लिए संघर्ष करते रहे और 21 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मांजरेकर ने जियोहॉटस्टार पर कहा, “हैली धूमकेतु (Halley Comet) सूर्य की परिक्रमा करता है और पृथ्वी से हर 75 साल में एक बार दिखाई देता है। ठीक उसी तरह ग्लेन मैक्सवेल 75 में से एक मैच में अच्छा खेलते हैं। इसे आखिरी बार 1986 में देखा गया था और अब इसे 2061 में देखा जाएगा। बल्लेबाजी में मैक्सवेल के साथ भी यही स्थिति है। ग्लेन मैक्सवेल क्रिकेट के हैली धूमकेतु हैं।”
चैंपियंस ट्रॉफी में भी नहीं चले
मैक्सवेल इससे पहले गुजरात टाइटंस के खिलाफ शून्य पर आउट हो गए थे। अगर उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर साई किशोर की गेंद पर एलबीडब्ल्यू के फैसले को रिव्यू करने का विकल्प चुना होता तो बच जाते। मैक्सवेल के फॉर्म में गिरावट चैंपियंस ट्रॉफी में देखने को मिली थी। ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में भारत से हारकर बाहर हो गया था। उन्होंने तीन मैचों में केवल 39 रन बनाए थे।
मैक्सवेल केवल 4.2 करोड़ रुपये में बिके
पिछले साल मेगा ऑक्शन में मैक्सवेल केवल 4.2 करोड़ रुपये में बिके। पिछले साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खराब प्रदर्शन के बाद फ्रेंचाइजियों ने रुचि नहीं दिखाई। खराब फॉर्म से जूझते हुए मैक्सवेल ने 10 मैचों में 5.2 की औसत और 120.93 की स्ट्राइक रेट से केवल 52 रन बनाए थे। राजस्थान रॉयल्स से हारकर भी क्यों खुश है पंजाब किंग्स? गौतम गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके श्रेयस अय्यर।