भारत की सिमरन शर्मा ने सभी बाधाओं को पार करते हुए शनिवार 7 सितंबर 2024 को पेरिस पैरालंपिक खेलों में महिलाओं की 200 मीटर टी12 स्पर्धा के फाइनल में कांस्य पदक जीता। वह 100 मीटर दौड़ में मामूली अंतर से पोडियम स्थान से चूकने के बाद उम्मीदों पर खरी उतरीं। मौजूदा विश्व चैंपियन सिमरन ने 24.75 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ पोडियम पर तीसरा स्थान हासिल किया।

क्यूबा की ओमारा डूरंड एलियास ने 23.62 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि वेनेजुएला की पाओला एलेजांद्रा पेरेज लोपेज ने 24.19 के प्रयास के साथ रजत पदक जीता। पैरालंपिक खेलों में टी12 वर्गीकरण दृष्टिबाधित एथलीट्स के लिए है।

स्वर्ण पदक की दौड़ ओमारा और पाओला के बीच होने के कारण, सिमरन का मुकाबला कांस्य पदक के लिए ईरान की हजर सफरजादेह से था, जिनका प्रतिक्रिया समय भारतीय धावक से बेहतर था। हालांकि, सिमरन ने अंतिम चरण में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया और हजर से पहले लाइन पार की। हजर ने 24.91 के समय के साथ दौड़ पूरी की।

24 साल सिमरन शर्मा का जन्म समय से पहले हुआ था और अगले 10 सप्ताह उन्होंने इनक्यूबेटर में बिताए, जहां पता चला कि वह दृष्टिबाधित हैं। इस साल जापान के कोबे में विश्व चैंपियन बनीं भारतीय एथलीट सिमरन ने अपने जीवन में कई चुनौतियों का सामना किया, जिसमें उनके पिता की पुरानी बीमारी और अंततः उनका निधन भी शामिल है।

100 मीटर में चौथे स्थान पर रहीं थीं सिमरन

वह इससे पहले 100 मीटर स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही थीं। दो रात पहले 100 मीटर में निराशा के बाद, 200 मीटर रेस ने सिमरन को वापसी का मौका दिया और अपने गाइड अभय सिंह की मदद से भारतीय एथलीट ने पोडियम पर खड़े होने के लिए हरसंभव प्रयास किया और इसमें सफल भी रहीं।

Paralympics 2024, Paris Paralympics, Indian Athlete Simran, Simran Won Bronze Medal, India Medal Tally, Paralympics Record
सिमरन ने 24.75 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। (सोर्स- स्क्रीनग्रैब)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिमरन की उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। पीएम मोदी ने X पर लिखा, ‘पैरालंपिक 2024 में महिलाओं की 200 मीटर टी12 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर सिमरन शर्मा को बधाई! उनकी सफलता कई लोगों को प्रेरित करेगी। उत्कृष्टता और कौशल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उल्लेखनीय है।’

भारत के अब तक के पदक विजेता (स्वर्ण पदक 6 | रजत पदक 10 | कांस्य पदक 13)

  • स्वर्ण पदक: अवनी लेखरा: आर2 महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 (निशानेबाजी)
  • स्वर्ण पदक: नितेश कुमार: पुरुष एकल SL3 (बैडमिंटन)
  • स्वर्ण पदक: सुमित अंतिल: पुरुष भाला फेंक F64 (एथलेटिक्स)
  • स्वर्ण पदक: हरविंदर सिंह: पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व ओपन (तीरंदाजी)
  • स्वर्ण पदक: प्रवीण कुमार: पुरुष हाई जम्प T64 (एथलेटिक्स)
  • स्वर्ण पदक: धर्मबीर: पुरुष क्लब थ्रो: F51 (एथलेटिक्स)
  • स्वर्ण पदक: नवदीप सिंह: पुरुष भाला फेंक: F41 (एथलेटिक्स)
  • रजत पदक: मनीष नरवाल: P1 पुरुष 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 (निशानेबाजी)
  • रजत पदक: निषाद कुमार: पुरुष ऊंची कूद T47 (एथलेटिक्स)
  • रजत पदक: योगेश कथुनिया: पुरुष डिस्कस थ्रो F56 (एथलेटिक्स)
  • रजत पदक: थुलसिमथी मुरुगेसन: महिला एकल SU5 (बैडमिंटन)
  • रजत पदक: सुहास यतिराज: पुरुष एकल SL4 (बैडमिंटन)
  • रजत पदक: शरद कुमार: पुरुष ऊंची कूद T63 (एथलेटिक्स)
  • रजत पदक: अजीत सिंह यादव: पुरुष भाला फेंक F46 (एथलेटिक्स)
  • रजत पदक: सचिन खिलारी: पुरुष शॉट पुट F46 (एथलेटिक्स)
  • रजत पदक: प्रणव सूरमा: पुरुष क्लब थ्रो: F51 (एथलेटिक्स)
  • कांस्य पदक: मोना अग्रवाल: R2 महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 (शूटिंग)
  • कांस्य पदक: प्रीति पाल: महिला 100 मीटर T35 (एथलेटिक्स)
  • कांस्य पदक: प्रीति पाल: महिला 200 मीटर T35 (एथलेटिक्स)
  • कांस्य पदक: रूबीना फ्रांसिस: पी2 महिला 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 (शूटिंग)
  • कांस्य पदक: मनीषा रामदास: महिला एकल SU5 (बैडमिंटन)
  • कांस्य पदक: शीतल देवी और राकेश कुमार: मिश्रित टीम कंपाउंड ओपन (तीरंदाजी)
  • कांस्य पदक: नित्या श्री सुमति सिवान: महिला एकल SH6 (बैडमिंटन)
  • कांस्य पदक: दीप्ति जीवनजी: महिला 400 मीटर T20 (एथलेटिक्स)
  • कांस्य पदक: मरियप्पन थंगावेलु: पुरुष ऊंची कूद T63 (एथलेटिक्स)
  • कांस्य पदक: सुंदर सिंह गुर्जर: पुरुष भाला फेंक F46 (एथलेटिक्स)
  • कांस्य पदक: कपिल परमार: पुरुष -60 किग्रा J1 (जूडो)
  • कांस्य पदक: होकाटो होटोझे सेमा: पुरुष शॉट पुट: F57 (एथलेटिक्स)
  • कांस्य पदक: सिमरन शर्मा: महिला 200 मीटर: T12 (एथलेटिक्स)