पेरिस पैरालंपिक गेम्स 2024 के दूसरे दिन भारत का मेडल का खाता खुल गया। भारत की पैरा निशानेबाज अवनी लेखरा ने R2 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता। इस इवेंट का ब्रॉन्ज मेडल भी भारत की मोना ने जीता। इसके साथ ही भारत की मेडल संख्या दो हो गई।

अवनी लेखरा ने कायम किया पैरालंपिक रिकॉर्ड

22 साल की अवनी लेखरा ने टोक्यो ओलंपिक में भी गोल्ड मेडल जीता था। पेरिस में उन्होंने 249.7 के स्कोर के साथ न सिर्फ अपने गोल्ड का बचाव किया बल्कि पैरालंपिक रिकॉर्ड भी कायम किया। अवनी ने टोक्यो में 249.6 के स्कोर के साथ पैरालंपिक रिकॉर्ड कायम किया था।

मोना अग्रवाल ने जीता ब्रॉन्ज

वहीं मोना अग्रवाल ने 228.7 का स्कोर हासिल किया। इवेंट का सिल्वर मेडल कोरिया की ली यूनरी के नाम रहा। 36 साल की मोना अग्रवाल का यह पहला पैरालंपिक मेडल है। वह पैरा एशियन गेम्स में छठे स्थान पर रही थी। यह पहला मौका है जब भारत की दो पैरा शूटर्स एक ही इवेंट में मेडल जीतने में कामयाब रही हैं।

अवनी का यह तीसरा पैरालंपिक मेडल है। वह ऐसा करने वाली भारत की पहली महिला निशानेबाज हैं। टोक्यो में 10 मीटर के अलावा उन्होंने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन एसएच1 में भी ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।

अभिनव बिंद्रा ने दी बधाई

भारत के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा ने दोनो निशानेबाजों को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘अवनी लेखरा और मोना अग्रवाल को उनकी शानदार उपलब्धिकी बधाई। आपका डेडिकेशन, मेहनत ने देश को गर्व महसूस करने का मौका दिया है। आपने सिर्फ मेडल नहीं जीता बल्कि लोगों का दिल भी जीता है और एक जनरेशन को प्रेरणा दी है।’

देश क प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘भारत ने पैरालंपिक्स 2024 में मेडल का खाता खोल लिया है। अवनी लेखरा को बहुत बधाई जिन्होंने महिलाओं को 10 मीटर एयर राइफल SH1 इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने भारत के लिए तीन पैरालंपिक मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।’