पाकिस्तान ने 3 मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में श्रीलंका को 67 रन से हरा दिया। पाकिस्तान की इस जीत में उसके धाकड़ बल्लेबाज बाबर आजम और उस्मान शिनवारी ने अहम भूमिका निभाई। बाबर ने जहां 105 गेंद पर 115 रन ठोककर टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचाया, वहीं शिनवारी ने 5 विकेट झटक कर मेहमान टीम की कमर तोड़ दी। शिनवारी मैन ऑफ द मैच भी चुने गए। उन्होंने 177 रन जोड़ चुके शेहन जयसूर्या (96 रन, 109 गेंद, 7 चौके और एक छक्का) और दासुन शनाका (68 रन, 80 गेंद, 6 चौके, 2 छक्का) की खतरनाक हो चुकी साझेदारी को तोड़ा। शेहन ने 109 गेंद पर 96 रन बनाए। दासुन का विकेट शादाब खान ने लिया। दासुन ने 80 गेंद पर 68 रन बनाए।

तीन मैच की सीरीज का दूसरा वनडे आज यानी 30 सितंबर 2019 को कराची के नेशनल स्टेडियम पर खेला गया। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने फखर जमान (54 रन, 65 गेंद, 6 चौके और एक छक्का) के अर्धशतक और बाबर आजम (115 रन, 105 गेंद, 8 चौके, 4 छक्के) के दम पर 50 ओवर में 7 विकेट पर 305 रन बनाए। श्रीलंका के इसरू उडाना और लाहिरू कुमारा ने 1-1, जबकि वानिंदु हसरंगा ने 2 विकेट लिए। पाकिस्तान के कप्तान सरफराज अहमद, वहाब रियाज और हारिस सोहैल रन आउट हुए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। उसके 28 रन पर ही 5 विकेट गिर गए थे। इसके बाद  शेहन जयसूर्या और दासुन शनाका ने छठे विकेट के लिए 177 रन की साझेदारी की। टीम का स्कोर जब 205 रन था, तब शेहन उस्मान शिनवारी का शिकार बने। इसी स्कोर पर दासुन भी पवेलियन लौट गए। इन दोनों के आउट होते ही श्रीलंकाई खिलाड़ी आया राम गया राम हो गए और पूरी टीम 46.5 ओवर में 238 रन पर पवेलियन लौट गई। तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते रद्द करना पड़ा था। सीरीज का आखिरी मुकाबला 2 अक्टूबर को कराची के नेशनल स्टेडियम में ही खेला जाएगा।

पाकिस्तान ने घरेलू मैदान पर 10 साल बाद श्रीलंका को हराया है। इससे पहले उसने 20 जनवरी 2009 को कराची में ही श्रीलंका के खिलाफ 8 विकेट से जीत हासिल की थी। हालांकि, 21 जनवरी 2009 को हुए अगले ही वनडे में उसे श्रीलंका के हाथों 129 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 24 जून 2009 को हुए वनडे में भी श्रीलंका ने 234 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके बाद से दोनों टीमों के बीच 27 सितंबर 2019 को वनडे खेला गया। हालांकि, यह मैच बारिश के कारण रद्द करना पड़ा। दूसरे वनडे में श्रीलंका को 67 रन से हार झेलनी पड़ी।

Live Blog

20:40 (IST)30 Sep 2019
पाकिस्तान को लगा पांचवा झटका

महज 28 रन के स्कोर पर पाक को पाचवां झटका लगा है और उस्मान ने कमाल की गेंदबाजी की है। श्रीलंका को एक बड़ी साझेदारी करनी होगी।

20:09 (IST)30 Sep 2019
श्रीलंका की खराब शुरुआत

306 रनों के जवाब में उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही है और समर विक्रम अपना विकेट गंवा बैठे हैं। श्रीलंका को एक बड़ी साझेदारी की दरकार है।

19:14 (IST)30 Sep 2019
श्रीलंका को जीत के लिए 306 रनों का लक्ष्य

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने बाबर आजम के शतक और फखर के अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका को 306 रनों का लक्ष्य दिया है।

18:38 (IST)30 Sep 2019
बाबर ने जड़ा शतक

पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने शानदार शतक जड़ दिया है। उनके इस शतक के दम पर पाकिस्तान की टीम विराट स्कोर की ओर बढ़ रही है।

17:54 (IST)30 Sep 2019
बाबर कर रहे तूफानी बल्लेबाजी

अर्धशतक जड़ने के बाद अब बाबर आजम तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं। पाकिस्तान का स्कोर अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। 

17:30 (IST)30 Sep 2019
अर्धशतक की ओर बढ़ रहे बाबर आजम

फखर जमान का विकेट गिरने के बाद अब बाबर आजम अच्छी लय में दिख रहे हैं और अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं, पाकिस्तान का स्कोर अब 28 ओवर के बाद 139 रन पर पहुंच गए हैं।

17:14 (IST)30 Sep 2019
अच्छे टच में बाबर

फखर जमान का विकेट गिरने के बाद बाबर आजम अच्छी लय में दिख रहे हैं। सोहेल के साथ वो कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं। श्रीलंका को विकेट की दरकार होगी।

17:02 (IST)30 Sep 2019
फखर 54 रन पर आउट

पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा है। उसके ओपनर फखर जमान 65 गेंद पर 54 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट भी वानिंदु हसरंगा ने लिया। फखर जब आउट हुए तब पाकिस्तान का स्कोर 104 रन था।

16:56 (IST)30 Sep 2019
फखर के 50 रन पूरे

फखर जमान अर्धशतक बना चुके हैं। उन्होंने 57 गेंद पर अपने 50 रन पूरे किए। जब उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया तब पाकिस्तान का स्कोर 97 रन था।

16:36 (IST)30 Sep 2019
फखर जमान अर्धशतक की ओर

पाकिस्तान का पहला विकेट जब गिरा तब उसका स्कोर 14.4 ओवर में 73 रन था। उस समय ओपनर फखर जमान 47 गेंद पर 42 रन बनाकर खेल रहे थे।

16:34 (IST)30 Sep 2019
पहला विकेट गिरा

पाकिस्तान का पहला विकेट गिर गया है। उसके सलामी बल्लेबाज इमाम उल हक 41 गेंद पर 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें वानिंदु हसरंगा ने बोल्ड किया। उनकी जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज बाबर आजम क्रीज पर आए हैं।

16:19 (IST)30 Sep 2019
फखर जमान 30 के पार

पाकिस्तान का स्कोर 50 रन के पार पहुंच गया है। फखर जमान 36 और इमाम उल हक 23 रन बनाकर खेल रहे हैं।

15:59 (IST)30 Sep 2019
आतिशी लय में दिख रहे फखर

शुरुआत में धीमी बल्लेबाजी करने वाले फखर जमान अब अपना हाथ खोल रहे हैं। पाकिस्तान का स्कोर अब तेजी से आगे बढ़ रहा है।

15:48 (IST)30 Sep 2019
फखर ने जड़ा छक्का

5वां ओवर लेकर जयसूर्या आए थे और इस ओवर की पहली गेंद पर फखर जमान ने कमाल का छ्क्का जड़ दिया है। अब दोनों बल्लेबाज हाथ खोलते दिख रहे हेैं। 

15:46 (IST)30 Sep 2019
इमाम उल ने जड़ा चौका

चौथा ओवर प्रदीप लेकर आए थे इसकी आखिरी गेंद पर इमाम उल हक ने इस इनिंग और अपने खाते का पहला चौका जड़ा है। दोनों बल्लेबाज संभली हुई शुरुआत कर रहे हैं।

15:41 (IST)30 Sep 2019
श्रीलंका की सधी हुआ शुरुआत

इस मुकाबले में श्रीलंका ने कमाल की शुरुआत की है और तीन ओवर का खेल हो गया है लेकिन पाकिस्तान अभी तक एक भी बाउंड्री नहीं लगा सकी है।

15:35 (IST)30 Sep 2019
मेडन रहा पहला ओवर

पहला ओवर इस मुकाबले का शेहान जयसूर्या लेकर आए थे और इसमें पाक के सलामी बल्लेबाज एक भी रन नहीं बना सके। श्रीलंका ने कमाल की शुरुआत की है।

15:33 (IST)30 Sep 2019
फखर जमान और इमाम ने किया आगाज

इस मुकाबले में पाकिस्तान की ओर से फखर जमान और इमाम उल हक दोनों बतौर सलामी बल्लेबाजी मैदान में उतर गए हैं। देखना होगा कि दोनों आखिर किस लय में खेलते हैं।

15:26 (IST)30 Sep 2019
दोनों टीमों का हो रहा राष्ट्रगान

मैच से पहले अब दोनों टीमें अपने राष्ट्रगान के लिए मैदान में आ गई हैं। दर्शकों की संख्या कम है लेकिन जबदस्त उत्साह मैदान पर देखने को मिल रहा है।

15:11 (IST)30 Sep 2019
पाक को करनी होगी दमदार शुरुआत

इस मुकाबले में टॉस जीतकर मेजबान टीम पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। अब देखना होगा कि आखिर श्रीलंका किस रणनीति के साथ गेंदबाजी करते हैं।

14:59 (IST)30 Sep 2019
यहां जानिए मैच का लाइव स्कोर

पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले इस मुकाबले में आप यहां पल पल की लाइव अपडेट की जानकारी पा  सकते हैं। आप हमारे साथ बने रहिए।