पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चीफ रमीज राजा ने राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच सकलेन मुश्ताक के घुटने के उपचार के लिए 10 लाख रुपये जारी किए हैं। ‘डेली जंग’ की रिपोर्ट के मुताबिक रमीज ने यह राशि तत्काल जारी करने का फैसला किया है। पिछले कुछ समय से घुटने की समस्या से परेशान सकलेन के इलाज टीम के डॉक्टर नजीब सोमरो ने उन्हें 10 लाख रुपये देने की बात कही थी।
हाल ही में पाकिस्तान की टीम एकदिवसीय सीरीज के लिए नीदरलैंड गई थी। वहां सकलेन को उपचार कराना पड़ा। इसके बाद ही उन्हें राशि जारी करने को कहा गया था। गौरतलब है कि तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी घुटने की चोट से जूझ रहे हैं। वह इलाज के लिए लंदन गए हैं। उन्हें लेकर टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने पीसीबी पर बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि बोर्ड ने शाहीन की कोई मदद नहीं की। डॉक्टर की व्यव्स्था उन्होंने की। तेज गेंदबाज खुद इलाज का खर्च उठा रहा है।
अंतरिम कार्यकाल पूरा होने पर मुख्य कोच हुए थे नियुक्त
इसके बाद पीसीबी की काफी फजीहत हुई थी। खबर के मुताबिक अंतरिम कार्यकाल पूरा होने पर सकलेन को इसी हफ्ते मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। उन्होंने घुटने में दर्द की शिकायत की थी। एक विश्वस्त सूत्र ने बताया, ‘‘इस मामले में जो चीज अलग है वह यह है कि सकलेन के उपचार के लिए राशि जारी करने में जो तेजी दिखाई गई।’’
पीसीबी अनुबंधित खिलाड़ियों और कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा देता है
सूत्र ने कहा कि पीसीबी आम तौर पर अपने अनुबंधित खिलाड़ियों और कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा देता है, लेकिन उचित प्रक्रिया के बाद ही राशि जारी की जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन इस मामले को रमीज ने अपवाद के रूप में लिया क्योंकि सकलेन पिछले कुछ समय से अपने घुटने की समस्या को लेकर शिकायत कर रहा था। टीम चिकित्सक ने सिफारिश की इसलिए राशि जारी की गई। ’’ पाकिस्तान के लिए 49 टेस्ट और 169 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में कुल 496 अंतरराष्ट्रीय विकेट चटकाने वाले सकलेन का करियर घुटने की चोट के कारण ही खत्म हुआ था।