पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच लाहौर में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में साउथ अफ्रीका के गेंदबाज सेनुरन मुथुसामी का तहलका देखने को मिला है। उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट लेकर पाकिस्तानी बल्लेबाजों को परेशान कर दिया था। वहीं उसके बाद दूसरी पारी में भी उन्होंने पांच विकेट लिए। उनका नाम इससे पहले शायद ही किसी ने सुना होगा। लेकिन अब उनका नाम सुर्खियों में है। वहीं भारत के राज्य तमिलनाडु से भी मुथुसामी का खास कनेक्शन है।
2019 में किया था टेस्ट डेब्यू
स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर सेनुरन मुथुसामी ने 2019 में टेस्ट डेब्यू किया था। मगर पिछले 6 साल में उन्होंने सिर्फ छह टेस्ट ही साउथ अफ्रीका के लिए खेले। उन्होंने अक्टूबर 2019 में भारत के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उनका पहला विकेट टेस्ट क्रिकेट में ड्रीम विकेट था। उन्होंने विराट कोहली का शिकार किया था। 2019 में उन्होंने 2 मैच खेले उसके बाद टीम से बाहर हो गए। फिर 2023 में उनकी वापसी हुई चार साल बाद लेकिन फिर एक मैच में ही वह खेले। साल 2024 में भी उन्होंने एक टेस्ट मैच खेला था।
मगर उसके बाद अब साल 2025 में उन्हें साउथ अफ्रीका की टीम में लंबे समय बाद जगह मिली है। आते ही उन्होंने कमाल कर दिया। पाकिस्तानी बल्लेबाज उनकी फिरकी को समझने में नाकामयाब रहे। उन्होंने अपने टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। यह उनका छठा टेस्ट मैच है और उन्होंने अभी तक कुल 22 विकेट रेड बॉल फॉर्मेट में झटके हैं। जबकि टी20 इंटरनेशनल में वह साउथ अफ्रीका के लिए 5 मैचों में पांच विकेट और पांच वनडे मैचों में 6 विकेट ले चुके हैं।
तमिलनाडु से क्या है कनेक्शन?
सेनुरन मुथुसामी का जन्म वैसे तो साउथ अफ्रीका के डरबन में 22 फरवरी 1994 को हुआ था। वह जन्म से ही साउथ अफ्रीका में रहे हैं। वहीं घरेलू क्रिकेट में भी उन्होंने साउथ अफ्रीका की कई डॉमेस्टिक टीमों के लिए खेला। मगर उनके पूर्वजों का तमिलनाडु से खास कनेक्शन रहा है। यहां के नागापट्टिनम जिले में उनके पूर्वजों का निवास था। मगर वह जन्म से ही अफ्रीका के निवासी हैं। वह नेशनल टीम से पहले डॉल्फिन्स, केप टाउन नाइटराइडर्स, साउथ अफ्रीका ए, नॉर्थ वेस्ट, प्रेटोरिया कैपिटल्स, वॉरियर्स और सनराइजर्स ईस्टर्न केप का हिस्सा रहे चुके हैं।
पाकिस्तान को मिला 277 का लक्ष्य
इस मैच की बात करें तो पहले खेलते हुए पाकिस्तान ने 378 रन बनाए थे। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम पहली पारी में 269 रन ही बना पाई थी और मेजबान टीम को 109 रन की बढ़त मिल गई। उसके बाद दूसरी पारी में पाकिस्तान की टीम 167 रन पर ही ढेर हो गई। इसके बाद साउथ अफ्रीका को मिला 277 रनों का लक्ष्य। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक अफ्रीका ने 2 विकेट गंवाकर 51 रन बना लिए थे और अभी भी उसे जीत के लिए 226 रनों की जरूरत है। जबकि पाकिस्तान को 8 विकेट की तलाश है।