भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हीरो एशिया कप टूर्नामेंट में रविवार को खेले गए मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात दी। मौलाना भाशानी नेशनल स्टेडियम में पूल-ए के मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 3-1 से हराया। यह इस टूर्नामेंट में भारत की लगातार तीसरी जीत है। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया। पहले क्वार्टर में भारत और पाकिस्तान ने अपने मजबूत डिफेंस के दम पर खुद पर एक भी गोल नहीं होने दिया।
दूसरे क्वार्टर की शुरुआत के दूसरे ही मिनट में चिंग्लेनसाना सिंह ने शानदार गोल दागते हुए भारतीय टीम का खाता खोला। इस बीच, पाकिस्तान ने अवसर का फायदा उठाते हुए गोल दागकर स्कोर बराबर करने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसी देश की इस कोशिश को भारतीय टीम के गोलकीपर सूरज कारकेरा ने नाकाम कर दिया।
तीसरे क्वार्टर की समाप्ति से दो मिनट पहले रमनदीप सिंह ने फील्ड गोल कर भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 2-0 की बढ़त दे दी। 33 सेकेंड पहले पेनाल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर टीम की बढ़त को और भी मजबूत कर दिया।
आखिरी क्वार्टर में लय में आई पाकिस्तान ने अवसर का फायदा उठाकर गोल किया और अपना खाता खोला। टीम के लिए यह फील्ड गोल अली शान ने किया। यह टीम की ओर से इस मैच में किया गया पहला और अंतिम गोल था। अपने डिफेंस को मजबूत रखते हुए भारतीय टीम ने पाकिस्तान को दूसरा गोल नहीं दागने दिया और अंत में 3-1 से जीत हासिल की।
Updates of India vs Pakistan Hockey Match, Asia Cup 2017:
–2 मिनट शेष रहते भारत को पेनेल्टी कॉर्नर मिला, जिसे टीम भुना नहीं सकी। भारत ने मुकाबला 3-1 से जीत लिया है।
-मैच खत्म होने में 8 मिनट शेष। पाकिस्तान मुकाबले में 2 गोल की लीड कायम रखे हुए है। मैच भारत के पक्ष में जाता दिख रहा है।
-पाकिस्तान ने 47वें मिनट में पहला गोल दागा। भारत के पास 2 गोल की लीड।
–रमनदीप ने भारत के लिए 43वें मिनट गोल दागा। टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर 2-0 से लीड बना ली है।
-भारत ने पहले 30 मिनट तक पाकिस्तान के पाले में 51 प्रतिशत गेंद को रखा है। जाहिर है कि मुकाबला बराबरी का चल रहा है। भले ही भारत आगे ही मगर पाकिस्तान कभी भी पासा पलटने का माद्दा रखता है।
–27वें मिनट भारत के लिए गोल का चांस मगर इसे भुना नहीं सके। पाकिस्तान ने भी फिर से चांस गंवाया। पाकिस्तान अटैक तेज करता हुआ। 30 मिनट तक भारत ने लीड बना रखी है। हाफ तक पाकिस्तान पिछड़ता हुआ।
-17वें मिनट तक पाकिस्तान मैच में पिछड़ चुका है। इसी बीच पाकिस्तान को पेनेल्टी कॉर्नर मिला। मगर गोलकीपर ने पाकिस्तान के इरादों पर पानी फेरा। भारत 1, पाकिस्तान 0
–16वें मिनट में चिनग्लेनसाना ने भारत के लिए पहला गोल दाग दिया है। यहां से भारत ने पाकिस्तान पर दबाव बना लिया है। भारत 1, पाकिस्तान 0
–पहले 15 मिनट के खेल में भारत कोई संभावना नहीं बना सका है। हालांकि 14वें मिनट भारत पाकिस्तान के डी तक गया लेकिन गोल नहीं कर सका। 40 सेकेंड शेष रहते पाकिस्तान को पेनेल्टी, जिसे वो भुना नहीं सका। 15 मिनट में भारत 0, पाकिस्तान 0
-पाकिस्तान ने पहले 8 मिनट में गोल के दो मौके गंवा दिए हैं। वहीं भारत अभी तक चांस नहीं बना सका है। भारत को खेल में तेजी दिखाने की जरूरत। आकाशदीप के पास गेंद। उन्होंने साथी खिलाड़ी को पास की मगर मौका नहीं बना सके। भारत 0, पाकिस्तान 0
-5वें मिनट पाकिस्तान को पेनेल्ट स्ट्रोक मिला। खिलाड़ी फिलहाल रक्षात्मक खेलते हुए। पाकिस्तान को लॉन्ग कॉर्नर मिला। मगर गेंद फिर से भारतीय खिलाड़ी के पास। भारत 0, पाकिस्तान 0
-मैच शुरू हो चुका है। पहले डेढ़ मिनट तक भारत ने गेंद पर कब्जा बनाए रखा है। पाक खिलाड़ी तेजी दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। मगर भारत उनके ही हाफ में खेलता हुआ। भारत 0, पाकिस्तान 0
–फिलहाल दोनों देशों का राष्ट्रगान हो चुका है। फैंस को उम्मीद है कि भारत मैच में बाजी मारेगा। खैर !! मुकाबले का नतीजा कैसा भी रहे रोमांच जरूर रहेगा।
-अंतिम चार में जगह बनाने के लिए पाकिस्तान को हर हाल में इस मैच में जीत चाहिए। वहीं भारत को जीत की लय बरकरार रखने के लिए विजय हासिल करनी होगी।
-पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने इस टूर्नामेंट की शुरुआत मेजबान के खिलाफ 7-0 से जीत के साथ की थी, लेकिन दूसरे मैच में जापान ने उन्हें 2-0 से मात दी थी।
-मैच अब से डेढ़ घंटे में शुरू होने जा रहा है। फिलहाल जापान और बांग्लादेश के बीच भिडंत जारी है। मुकाबला कांटे की टक्कर का होगा। दोनों ही टीमें मेजबान बांग्लादेश को बहुत बड़े अंतर से मात दे चुकी है।
