भारत की दिग्गज महिला निशानेबाज श्रेयसी सिंह ने राष्ट्रमंडल खेलों में बुधवार को सातवें दिन भारत की झोली में 12वां स्वर्ण पदक डाला। श्रेयसी ने महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा के फाइनल्स में पहला स्थान हासिल कर सोना जीता। साल 2014 में ग्लोस्गो में आयोजित 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में श्रेयसी ने इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता था और इस बार वह अपने पदक के रंग को बदलने में सफल रहीं। श्रेयसी ने शूट-ऑफ में आस्ट्रेलिया की एमा कोक्स को एक अंक से हराते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 98 अंक हासिल किए। सभी चार स्तरों में कुल 96 अंक हासिल करने के साथ उन्होंने शूट-ऑफ में अपने दोनों निशाने सही लगाए और जीत हासिल की।एमा को इस स्पर्धा रजत पदक हासिल हुआ। उन्होंने भी सभी चार स्तरों में 96 अंक हासिल किए थे। वहीं वह शूट-ऑफ में दो निशानों में एक गलत लगाया और इस कारण वह दूसरे स्थान पर रहीं। स्कॉटलैंड की लिंडा पियरसन ने 87 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

वहीं भारत की स्टार जोड़ी दीपिका पल्लिकल कार्तिक और जोशना चिनप्पा ने स्क्वॉश में महिला युगल वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। दीपिका-जोशना की जोड़ी ने महिला युगल के पूल-सी में खेले गए मैच में वेल्स की टेस्नी इवांस और डियोन सैफरी की जोड़ी को मात दी। साल 2014 में ग्लास्गो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में युगल वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली दीपिका-जोशना की जोड़ी ने वेल्स की जोड़ी को 30 मिनट के भीतर 2-1 (11-8, 7-11, 11-8) से मात दी और पूल-सी में शीर्ष पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।
इससे पहले, मंगलवार को दीपिका और जोशना की जोड़ी ने पाकिस्तान की फैजा जफर और मदीना जफर की जोड़ी को 2-1 से हराया था। इस भारतीय जोड़ी का सामना अब अंतिम पूल मैच में बुधवार को ही माल्टा की डियाने केलास और क्लोएट सुल्ताना की जोड़ी से होगा।


