नीरज चोपड़ा ने मंगलवार 6 अगस्त 2024 को पेरिस ओलंपिक में अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। उन्होंने क्वालिफिकेशन में अपने पहले ही थ्रो में 89.34 मीटर की दूरी तय की और क्वालिफाई कर लिया।

टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट भारत के नीरज चोपड़ा ग्रुप बी क्वालिफिकेशन में सबसे पहले थ्रो करने उतरे और सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। नीरज ने ग्रुप ए और बी दोनों में शीर्ष पर रहते हुए 8 अगस्त को होने वाले फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।

ग्रुप बी से पूर्व विश्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (88.63 मीटर), राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तान के अरशद नदीम (86.59 मीटर), ब्राजील के लुईस मॉरीसियो डिसिल्वा (85.91 मीटर) और मालदोवा के एंड्रियन मारडेयर (84.13 मीटर) ने भी सीधे फाइनल में जगह बनाई।

नौवें स्थान पर रहे किशोर जेना

ग्रुप ए क्वालिफिकेशन में भारत के किशोर जेना 80.73 मीटर के प्रयास से नौवें स्थान पर रहे। वह कुल (ग्रुप ए और ग्रुप बी) 18वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना पाए। फाइनल के लिए क्वालिफिकेशन मार्क 84 मीटर दूर थ्रो करना या शीर्ष 12 (दोनों ग्रुप में मिलाकर) में जगह बनाना था।

किशोर जेना ने अपने पहले प्रयास में भाले को 80.73 मीटर की दूरी तक फेंका, लेकिन दूसरा प्रयास में फाउल कर गए। किशोर जेना ने अपने तीसरे और अंतिम प्रयास में 80.21 मीटर दूर भाला फेंका।

ग्रुप ए में जूलियन वेबर रहे शीर्ष पर

जर्मनी के जूलियन वेबर ग्रुप ए में शीर्ष और कुल तीसरे स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में 87.76 मीटर का थ्रो किया। ग्रुप ए से पूर्व विश्व चैपियन केन्या के जूलियस येगो (85.97 मीटर), टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के याकूब वालडेच (85.63 मीटर) और फिनलैंड के टोनी केरानेन (85.27 मीटर) ने भी सीधे फाइनल में जगह बनाई।

इतिहास रचना चाहेंगे नीरज चोपड़ा

विश्व चैंपियन नीरज ने 87.58 मीटर के प्रयास के साथ टोक्यो ओलंपिक का स्वर्ण पदक जीता था। नीरज का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर है जो उन्होंने 2022 में स्टॉकहोम डाइमंड लीग के दौरान किया था। यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। नीरज अब फाइनल में ओलंपिक के इतिहास में खिताब बरकरार रखने वाले पांचवां पुरुष भाला फेंक खिलाड़ी बनने के इरादे से उतरेंगे। अगर वह खिताब जीतते हैं तो ओलंपिक व्यक्तिगत वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय भी बनेंगे।

ओलंपिक की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में अब तक एरिक लेमिंग (स्वीडन, 1908 और 1912), जोन्नी माइरा (फिनलैंड, 1920 और 1924), नीरज चोपड़ा के आदर्श जान जेलेंजी (चेक गणराज्य, 1992 और 1996) और आंद्रियास टी (नॉर्वे, 2004 और 2008) ही अपने खिताब का बचाव कर पाए हैं।