भारत की पहली महिला ओलंपिक पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक ने 11 नवंबर 2024 को बेटी को जन्म दिया। साक्षी मलिक ने 25 नवंबर 2024 की रात इंस्टाग्राम पर यह खुशी अपने प्रशंसकों के साथ साझा की। पोस्ट में साक्षी मलिक ने बेटी के नाम का भी खुलासा किया। साक्षी मलिक ने 3 बार की ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट और 13 बार की विश्व चैंपियनशिप विजेता साओरी योशिदा पर बेटी का नाम रखा है।

साक्षी मलिक ने पोस्ट में लिखा, Proud Parents: ‘साक्षी और सत्यव्रत को ईश्वर के आशीर्वाद के रूप में ‘पुत्री धन’ की प्राप्ति हुई है। योशिदा कादियान।’ यह पोस्ट साक्षी मलिक के पति सत्यव्रत कादियान के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर की गई।

बेटी के जन्म पर साक्षी मलिक और सत्यव्रत कादियान को बहुत से लोगों ने बधाइयां दी हैं। बधाई देने वालों में पाकिस्तानी रेसलर को हराकर MMA फाइट जीतने वाले पहले भारतीय बने संग्राम सिंह भी शामिल हैं। उन्होंने लिखा, ‘ईश्वर नन्हीं परी और आप दोनों को आशीर्वाद दें। हमेशा खुश रहें।’

https://www.instagram.com/sakshimalik_official/p/DCzTZMzTs1F

हाल ही में साक्षी मलिक की बायोग्राफी ‘विटनेस’ लांच हुई है। किताब में साक्षी मलिक ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) के पूर्व अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। किताब में लिखा है कि भारतीय कुश्ती महासंघ का अध्यक्ष बनने के लिए बृजभूषण शरण सिंह ने अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल किया। अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने अपने समर्थकों और परिवार के सदस्यों को राज्य संघों में जगह दिलाई।

रेसलिंग कोच की बेटी हैं साओरी योशिदा

जापान के त्सू मी में 5 अक्टूबर 1982 को जन्मीं साओरी योशिदा पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन और रेसलिंग कोच ईकात्सु योशिदा की बेटी हैं। साओरी योशिदा ने 2002 बुसान एशियाई खेलों से 2016 रियो ओलंपिक तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 24 गोल्ड मेडल जीते। इसमें 3 ओलंपिक (2004 एथेंस, 2008 बीजिंग और 2012 लंदन) स्वर्ण पदक शामिल हैं। साओरी योशिदा ने 2002 से 2015 तक विश्व रेसलिंग चैंपियनशिप में 13 गोल्ड मेडल जीते।

लगातार 4 एशियाई खेलों में जीते गोल्ड मेडल

साओरी योशिदा ने इस दौरान सिर्फ 2004 में पदक नहीं जीता, क्योंकि उस साल विश्व कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन नहीं किया गया था। महिला पहलवानों की विश्व चैंपियनशिप 1987 से शुरू हुई थी। साल 2003 तक यह पुरुषों से अलग होती थी। साल 2005 से एक ही वेन्यू (स्थान) पर महिला और पुरुषों दोनों की विश्व चैंपियनशिप का आयोजन होने लगा।

साओरी योशिदा ने 2002 बुसान एशियाई खेल, 2006 दोहा एशियन गेम्स, 2010 ग्वांगझू एशियाई खेलों और 2014 इंचियोन एशियन गेम्स में 55 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने 2004 (टोक्यो), 2005 (वुहान), 2007 (बिश्केक) और 2008 (जेजू) एशियन चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीते।