ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा को सोमवार यानी 28 मार्च 2022 को देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से नवाजा गया। 24 साल के भालाफेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने यह सम्मान प्रदान किया। राष्ट्रपति ने नीरज चोपड़ा के अलावा 8 अन्य खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इनमें पैरालंपियन जैवलियन थ्रोअर देवेंद्र झाझरिया का नाम भी शामिल है। देवेंद्र झाझरिया को पद्मभूषण से सम्मानित किया गया।

हरियाणा के पानीपत के रहने वाले नीरज को खेल रत्न सम्मान भी मिल चुका है। नीरज चोपड़ा ने 2021 में टोक्यो ओलंपिक में ट्रैक और फील्ड स्पर्धा में भारत को पहला ओलंपिक स्वर्ण दिलाया था। वह अभिनव बिंद्रा के बाद व्यक्तिगत स्पर्धा का स्वर्ण जीतने वाले दूसरे भारतीय हैं।

नीरज के अलावा टोक्यो पैरालिंपिक खेलों में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुमित अंतिल, मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी शंकरनारायण, कुंग-फू खिलाड़ी फैसल अली डार, पैरालंपिक खेलों के स्वर्ण पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी प्रमोद भगत को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया। प्रमोद भगत पैरा बैडमिंटन में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय हैं।

प्रमोद भगत ने पुरुष एकल एसएल 3 वर्ग में पीला तमगा जीता था। इसके अलाव हॉकी में ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली वंदना कटारिया, पैरालंपियन शूटर अवनी लेखरा और फुटबॉलर ब्रह्मानंद संखवाल्कर को भी पद्मश्री से सम्मानित किया गया।

दो दिन पहले (आईपीएल 2022 की शुरुआत के दिन) ही बीसीसीआई ने नीरज चोपड़ा समेत अन्य सभी ओलंपिक पदक विजेताओं का सम्मानित किया था। बीसीसीआई ने नीरज चोपड़ा को एक करोड़ और अन्य खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपए के चेक दिए थे।

सम्मान मिलने के बाद नीरज चोपड़ा ने एक ट्वीट भी किया। उन्होंने लिखा, ‘आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रगान सुनकर रोंगटे खड़े हो गए थे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा सम्मानित होकर गर्व महसूस हो रहा है। मैं देश के लिए ऐसे ही मेहनत से काम करता रहूंगा।’

तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं पद्म पुरस्कार

पद्म पुरस्कार भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक है। ये पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री। पद्म विभूषण पुरस्कार असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए, पद्म भूषण उच्च क्रम की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं।

इस साल के पद्म पुरस्कारों की सूची में चार पद्म विभूषण, 17 पद्म भूषण और 107 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं। पद्म पुरस्कार पाने वालों में 34 महिलाएं हैं। पुरस्कार पाने वालों की सूची में विदेशियों/एनआरआई/पीआईओ/ओसीआई की श्रेणी के 10 व्यक्ति और 13 मरणोपरांत पुरस्कार पाने वाले भी शामिल हैं।