न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला माउंट माउनगुई में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड ने मैच में शिकंजा कसते हुए 192 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली। टेस्ट के तीसरे पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 239 रनों पर सिमट गई। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 431 रन बनाए थे। मेहमान टीम के कप्तान रिजवान खान और फहीम अशरफ ने मिलकर फॉलोऑन के खतरे को टाल दिया। हालांकि, दोनों बल्लेबाज शतक नहीं लगा सके।
पाकिस्तान ने तीसरे दिन 30 रन पर एक विकेट के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। आबिद अली और नाइटवॉचमैन मोहम्मद अब्बास की जोड़ी दूसरे दिन के खेल समाप्त पर नाबाद थी। पाकिस्तान को तीसरे दिन पहला झटका आबिद अली के रूप में लगा। वे 25 रन बनाकर कायेल जेमिसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। उनके आउट होते ही पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई और 86 रन पर 6 विकेट गिर गए। मोहम्मद अब्बास 5 रन, अजहर अली 5 रन, हारिस सोहैल 3 और फवाद आलम 9 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
छह विकेट गिर जाने के बाद कप्तान रिजवान और फहीम ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी की। रिजवान 142 गेंद पर 71 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 8 चौके लगाए। मिशेल सैंटनर ने उन्हें रनआउट कर दिया। इसके बाद यासिर 4 और शाहीन अफरीदी 6 रन बनाकर आउट हुए। फहीम अपना शतक पूरा नहीं कर सके। वे आखिरी बल्लेबाज के तौर पर आउट हुए। उन्होंने 134 गेंद पर 91 रन बनाए। उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। फहीम को जेमीसन ने विकेटकीपर वॉटलिंग के हाथों कैच कराया।
पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। किसी तरह रिजवान और अशरफ फॉलोऑन के खतरे को टाला। न्यूजीलैंड के लिए कायेल जेमिसन ने 3 विकेट चटकाए। ट्रेंट बोल्ट, टिम साउदी और नील वेग्नर को 2-2 सफलता मिली। इससे पहले न्यूजीलैंड के लिए विलियमसन ने 129 रनों की पारी खेली। उन्होंने लगातार दूसरे टेस्ट में शतक लगाया। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ 251 रनों की पारी खेली थी।