ब्राजील के सुपरस्टार नेमार रविवार (18 अगस्त) को अपने पेशेवर क्लब करियर की सबसे बुरी हार से टूट गए। वह फूट-फूटकर रोते दिखे। सैंटोस को ब्राजीलियन सेरी ए मैच में वास्को दा गामा के हाथों 0-6 से हार का सामना करना पड़ा। दूसरे हाफ में छह में से पांच गोल दागे जाने के बाद सदमे में डूबे नेमार फुल टाइम के बाद रोते दिखे।

इस जीत के साथ 16वें स्थान पर काबिज वास्को दा गामा का सैंटोस से दो अंक पीछे 19 अंक रह गया। दोनों क्लब चार टीमों वाले रीलीगेशन जोन से बस थोड़ा आगे थे। लुकास पिटोन के शुरुआती गोल के बाद लिवरपूल और बार्सिलोना के पूर्व फॉरवर्ड कॉटिन्हो ने दूसरे हाफ में वास्को के लिए दो गोल दागे। डेविड कोरेया डी फोंसेका, रेयान और डैनिलो नेवेस के गोलों ने शानदार स्कोरलाइन को और मजबूत किया।

प्रशंसकों ने विरोध किया, कोच को बर्खास्त किया गया

नेमार को सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य और वास्को दा गामा के मुख्य कोच फर्नांडो डिनिज ने सांत्वना दी जब वह ड्रेसिंग रूम की ओर वापस लौट रहे थे। सैंटोस ने परिणाम पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और मैदान की ओर पीठ करके विरोध जताया। इस अपमानजनक हार के परिणामस्वरूप मुख्य कोच क्लेबर जेवियर को तत्काल बर्खास्त कर दिया गया।

प्रशंसकों को विरोध करने का पूरा अधिकार

जून में अपने बचपन के क्लब के साथ एक नया अनुबंध पर हस्ताक्षर करने वाले नेमार ने कहा, “मुझे शर्म आ रही है। मैं हमारे प्रदर्शन से पूरी तरह निराश हूं। प्रशंसकों को विरोध करने का पूरा अधिकार है, जाहिर है बिना हिंसा के… लेकिन अगर वे गाली देना और अपमान करना चाहते हैं तो उन्हें पूरा हक है।”

नया कोच आते ही सुनील छेत्री पर गिरी गाज, नेशंस कप के लिए भारत के 35 संभावित खिलाड़ियों में नाम नहीं

बाहिया के खिलाफ अगले मैच से बाहर नेमार

नेमार ने कहा, “यह बेहद शर्मिंदगी का एहसास है। मैंने जिंदगी में ऐसा पहले कभी नहीं देखा। बदकिस्मती से, ऐसा हुआ। आंसू गुस्से से थे। बदकिस्मती से मैं किसी भी तरह से मदद नहीं कर सकता। खैर यह पूरी तरह से बकवास था। यही सच्चाई है।” जले पर नमक छिड़कते हुए नेमार को इस सत्र का तीसरा येलो कार्ड भी मिला। इससे वह बाहिया के खिलाफ अगले मैच से बाहर हो गए।