न्यूजीलैंड ने पांच टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 4 रन से हरा दिया। ड्यूनेडिन में गुरुवार (25 फरवरी) को खेले गए मुकाबले को जीतकर उसने सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली। न्यूजीलैंड की जीत के हीरो रहे मार्टिन गुप्टिल, जेम्स नीशम, केन विलियम्सन और मिशेल सैंटनर। पिछले सप्ताह आईपीएल ऑक्शन में नहीं बिकने के बाद गुप्टिल ने 97 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 50 गेंद की पारी में 6 चौके और 8 छक्के लगाए।

मैच में टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। केन रिचर्डसन ने टिम साइफर्ट (30 को एरॉन फिंच के हाथों आउट कर उसे शुरुआती सफलता दिलाई। इसके बाद गुप्टिल और विलियमसन ने मोर्चा संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 131 रनों की साझेदारी की। गुप्टिल अपने तीसरे टी20 इंटरनेशनल सेंचुरी से चूक गए। वे 97 रन पर डैनियल सैम्स का शिकार बने। स्टोइनिस ने उनका कैच लिया। गुप्टिल का यह 16वां अर्धशतक है।

इसके बाद विलियमसन और नीशम ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की धुनाई की। विलियमसन 35 गेंद पर 53 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। एडम जम्पा ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। विलियमसन ने अपनी पारी में 2 चौके और तीन छक्के लगाए। नीशम ने 16 गेंद पर नाबाद 45 रन बनाए। उन्होंने एक चौका और 6 छक्के लगाए। न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 219 रन बनाए। केन रिचर्डसन ने 3 विकेट लिए। 220 रन के पहाड़ स्कोर का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 215 रन तक ही पहुंच सकी। उसे 4 रन से हार का सामना करना पड़ा।

ऑस्ट्रेलिया के लिए मार्कस स्टोइनिस ने 37 गेंद पर 78 रन बनाए। उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। डैनियल सैम्स ने 15 गेंद पर 41 और जोश फिलिप ने 32 गेंद पर 45 रन बनाए। ग्लेन मैक्सवेल फिर से फेल रहे। वे 3 रन ही बना सके। आईपीएल ऑक्शन में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 14.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। स्टोइनिस और सैम्स ने सातवें विकेट के लिए रिकॉर्ड 92 रनों की साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। सातवें विकेट की ये सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों ने इंग्लैंड के पॉल कलिंगवुड और एम यार्डी के 91 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। कलिंगवुड और यार्डी ने 2007 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 91 रनों की साझेदारी की थी।