टोक्यो ओलंपिक के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा के नाम पर मुफ्त में पेट्रोल देने के बाद अब भारतीय महिला हॉकी टीम की स्टार खिलाड़ी वंदना कटारिया को लेकर भी एक कंपनी ने शानदार पहल की है। उषा ब्रेको नाम की कंपनी ने नीरज और वंदना नाम के लोगों के लिए हरिद्वार में चंडी देवी मंदिर की मुफ्त में रोप-वे की यात्रा कराने की पेशकश की है। कंपनी का यह ऑफर 11 से 22 अगस्त तक यानी रक्षाबंधन तक मान्य है।
हरिद्वार में नजीबाबाद हाईवे के ऊपर नील पर्वत पर सिद्धपीठ मां चंडी देवी का मंदिर है। मंदिर तक करीब छह किलोमीटर पर्वत का सफर करने रोप-वे के जरिए किया जाता है। उषा ब्रेको लिमिटेड कंपनी की ओर से इसका संचालन किया जाता है। उषा ब्रेको प्रबंधन ने टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) इवेंट में नीरज चोपड़ा के गोल्ड मेडल जीतने और हॉकी मैच में गोलों की हैट्रिक लगा इतिहास रचने वाली उत्तराखंड के ही रोशनाबाद गांव की बेटी वंदना कटारिया के सम्मान में यह पहल की है।
कंपनी ने देश के नीरज और वंदना के नाम के लोगों के लिए 11 से 22 अगस्त तक चंडी देवी मंदिर के लिए जाने वाले रोप-वे में मुफ्त यात्रा योजना शुरू की है। कंपनी के उत्तरी क्षेत्र के प्रमुख मनोज डोभाल ने बताया, नीरज और वंदना के नाम पुरुष और महिला अपना आधार कार्ड दिखाकर मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। डोभाल ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने दुनिया भर में देश का नाम रोशन किया है। इसी खुशी में कंपनी ने उन्हें यह सम्मान देने का फैसला किया है।
वंदना कटारिया बुधवार को हरिद्वार स्थित अपने रोशनाबाद गांव पहुंचीं। वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह आठ बजे पहुंचीं। वहां से वह सीधे अपने गांव गईं। हालांकि, दिनभर परिवार के साथ रहने के बाद वह लौट जाएंगी। इससे पहले गुजरात के भरुच जिले स्थित एक पेट्रोल पंप मालिक ने नीरज नाम के लोगों को 2 दिन तक मुफ्त में 501 रुपए का पेट्रोल देने का ऐलान किया था।
Usha Breco, ropeway service in Uttarakhand, offers free rides to Maa Chandi Devi Temple, Haridwar to namesakes of Olympic gold medalist Neeraj Chopra & hockey player Vandana Katariya. People called ‘Neeraj’ & ‘Vandana’ can avail services from 11-22 Aug by showing the Aadhaar Card pic.twitter.com/WdsVOwWRR3
— ANI (@ANI) August 10, 2021
बता दें कि टोक्यो ओलंपिक में इतिहास रचकर भारतीय खिलाड़ी वतन लौट आए हैं। नीरज चोपड़ा ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले देश के पहले एथलीट (ट्रैक एंड फील्ड) हैं। महिला हॉकी टीम भी टोक्यो ओलंपिक में चौथे नंबर पर रही थी। भले ही वह मेडल नहीं जीत पाई, लेकिन टीम की हर खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से देशवासियों को दिल जीत लिया।
टीम का हिस्सा रहीं वंदना कटारिया ने एक मैच में हैट्रिक लगाकर सबसे ज्यादा प्रभावित किया। टोक्यो ओलंपिक में भारत ने एक गोल्ड और दो सिल्वर समेत कुल 7 मेडल जीते हैं। ओलंपिक में भारत का यह अब तक सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।