भारत के दिग्गज खिलाड़ी नीरज चोपड़ा अब शादी के बंधन में बंध गए हैं। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपनी दुल्हन का भी नाम बताया। उन्होंने अमेरिका में पढ़ाई कर रहीं हिमानी मोर से शादी की है। नीरज चोपड़ा ने शादी की जानकारी देते हुए लिखा, “जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ की।”

शादी की जानकारी देते हुए नीरज चोपड़ा ने एक्स पर लिखा, ” जीवन के नए अध्याय की शुरुआत अपने परिवार के साथ की। हर उस आशीर्वाद के लिए आभारी हूं, जिसने हमें इस पल तक साथ लाया। प्यार से बंधे हुए, हमेशा खुश रहें।” नीरज ने अपनी शादी की जानकारी गुप्त रखी थी। ऐसे में उनकी शादी की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों को चौंका दिया। नीरज ने एक फोटो शेयर की है, जिसमें उनकी मां आशीर्वाद दे रही हैं।

दो दिन पहले हो गई शादी

नीरज चोपड़ा के चाचा भीम ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि नीरज और हिमानी ने भारत में ही शादी की और हनीमून पर चले गए हैं। भीम ने हरियाणा में पानीपत के निकट खांडरा गांव से कहा, “हां, शादी दो दिन पहले भारत में हुई है। मैं यह नहीं बता सकता कि शादी कहां हुई। लड़की सोनीपत की है और वह अमेरिका में पढ़ाई कर रही है। वे हनीमून के लिए देश से बाहर गए हैं और मुझे नहीं पता कि वे कहां जा रहे हैं। हम इसे ऐसे ही रखना चाहते थे।”

कौन हैं हिमानी मोर

स्पोर्ट्स्टार के अनुसार हिमानी मोर साउथईस्टर्न लुइसियाना यूनिवर्सिटी पढ़ी हैं। वह एक टेनिस खिलाड़ी हैं। उन्होंने फ्रैंकलिन पियर्स यूनिवर्सिटी में टेनिस में पार्ट टाइम सहायक कोच के तौर प काम किया। हिमानी एमहर्स्ट कॉलेज की महिला टेनिस टीम को मैनेज करती हैं। वह ट्रेनिंग, शेड्यूलिंग, भर्ती और बजट की देखरेख करती हैं। वह मैककॉर्मैक इसेनबर्ग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से साइंस इन स्पोर्ट्स मैनेजमेंट एंड एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर्स की पढ़ाई भी कर रही हैं।

लारसौली की रहने वाली हैं हिमानी

हरियाणा के लारसौली की रहने वाली हिमानी ने सुमित नागल की तरह सोनीपत की लिटिल एंजेल्स स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की है। उनके भाई हिमांशु भी टेनिस खेलते थे। नीरज चोपड़ा ने 2021 टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीता था। उन्होंने 2024 में पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीता। वह विश्व चैंपियनशिप के स्वर्ण और रजत पदक विजेता हैं और उन्होंने एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में भी स्वर्ण पदक जीते हैं।