भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार रात साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया। इसमें महेंद्र सिंह धोनी का नाम नहीं था। इसके बाद से ही उनके क्रिकेट के संन्यास लेने की खबरों को बल मिलने लगा। हर कोई जानना चाहता था कि क्या धोनी को सम्मानजनक विदाई मिलेगी भी या नहीं? इस मुद्दे पर शुक्रवार को बीसीसीआई की चयन समिति के चीफ सेलेक्टर एमएसके प्रसाद ने चुप्पी तोड़ी।
एमएसके प्रसाद ने स्पष्ट किया कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान को ड्रॉप नहीं किया गया है। वे टी20 सीरीज के लिए उपलब्ध ही नहीं थे। वे सेना को अपनी सेवाएं देने के बाद धोनी अमेरिका चले गए हैं। प्रसाद ने हालांकि यह नहीं बताया कि धोनी अमेरिका किसी इवेंट के सिलसिले में गए हैं या फिर छुट्टियां बिताने। इस संबंध में उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
टीम इंडिया आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों हार गई थी। उसके बाद से ही धोनी टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। वेस्टइंडीज दौरे के लिए भी उन्हें नहीं चुना गया था। उस समय भी उनके संन्यास लेने की अफवाह उड़ी थी। हालांकि, बाद में धोनी ने खुद कहा था, ‘मैंने सेना को अपनी सेवाएं देने के लिए क्रिकेट से छुट्टी ली है। बीसीसीआई ने उनकी छुट्टी मंजूर भी कर ली है।’
प्रसाद ने कहा, ‘वे चयन के लिए उपलब्ध ही नहीं थे। जहां तक स्पिनरों के बारे में बात है तो हम अब अच्छे स्पिनरों का एक पूल तैयार कर रहे हैं। राहुल चहर, क्रुणाल पंड्या और वॉशिंगटन सुंदर ने अच्छा किया है। ऐसे में उन्हें एक मौका और दिया जाना बनता है।’ इस बीच, बीसीसीआई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया, ‘यह चयन समिति एक मामले में बिल्कुल स्पष्ट है। वे धोनी से उनके रिटायरमेंट को लेकर कोई सवाल जवाब नहीं करेंगे। लेकिन अभी उनके पास अधिकार है कि वे टीम के लिए किसे चुने या नहीं। ऋषभ पंत सभी फॉर्मेट में भारत के विकेटकीपर के तौर पर पहली पसंद हैं।’