कोरोनावायरस के कारण मार्च के दूसरे हफ्ते के बाद से सभी तरह की खेल गतिविधियों पर विराम लगा हुआ है। करीब 3 महीने से देश में किसी भी तरह की क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन नहीं हुआ है। इस कारण फैंस भी निराश हैं। हालांकि, विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, समेत बहुत से खिलाड़ी सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस से जुड़े हुए हैं, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी का नाम इस लिस्ट में शामिल नहीं है। यही वजह है कि फैंस उनके अपडेट पाने को बेताब रहते हैं।

धोनी करीब 11 महीने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी करने वाले थे, लेकिन कोविड-19 ने उस पर भी विराम लगा दिया है। यही वजह है कि माही इन दिनों रांची स्थित अपने फॉर्म हाउस पर समय बिता रहे हैं। वह सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं रहते हैं, लेकिन उनकी वाइफ साक्षी काफी एक्टिव रहती हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करती रहती हैं। इनके जरिए कभी-कभी फैंस को धोनी के बारे में भी अपडेट मिलता रहता है।

कुछ दिन पहले उन्होंने माही की बेटी जीवा के साथ बाइक की सवारी करने वाला वीडियो पोस्ट किया था। अब उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में दो और वीडियो पोस्ट किया। इसमें एक में माही उनकी बेटी जीवा और उनके दो प्यारे-प्यारे पेट्स (कुत्ते) दिख रहे हैं। साक्षी धोनी ने इंस्टाग्राम स्टोरी में जो दूसरा वीडियो शेयर किया है उसमें धोनी सोफे पर बैठे हुए हैं। वह एक कुत्ते को अपनी गोद में लिए हैं। वह उसे पुचकारते दिख रहे हैं। जीवा भी सोफे के हत्थे पर बैठी हुई है। वह अपने पिता को बहुत ही प्यार से निहार रही है।


बता दें कि धोनी कुत्तों से बहुत प्यार करते हैं। उनके पास सात कुत्ते हैं। लॉकडाउन के बीच धोनी के जो वीडियो वायरल हुए उसमें अक्सर उनके कुत्ते भी उनके साथ दिखे हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में साक्षी ने बताया था कि धोनी को कुत्ते बहुत ज्यादा पसंद हैं। यही कारण है कि उनके पास सात कुत्ते हैं। धोनी का यह वीडियो ऐसे समय वायरल हो रहा है, जब केरल में गर्भवती हथिनी को अनानास में पटाखे रखकर खिलाने का मामला सामने आने के बाद लोगों में बहुत रोष है। साक्षी का यह वीडियो सिखाता है कि हमें बेजुबानों के साथ किस तरह से पेश आना चाहिए।