MS Dhoni Brother: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भारत में काफी लोकप्रिय हैं। उनके जन्म से लेकर उनके स्कूल और टीम इंडिया के डेब्यू तक की कहानी हर फैन जानता है। धोनी पर बनी बायोपिक फिल्म ने उनके जीवन के और कई अलग पहलू भी फैंस को दिखाए लेकिन धोनी के बड़े भाई को लेकर बहुत कम ही मौकों पर बात हुई है। सोशल मीडिया पर गुरुवार से तस्वीर वायरल हो रही है जिसमें पहली बार धोनी अपने भाई के साथ नजर आ रहे हैं।

धोनी से 10 साल बड़े हैं नरेंद्र सिंह

धोनी के जीवन पर बनी बायोपिक में केवल उनकी बहन का किरदार ही दिखाया गया था। सोशल मीडिया पर कभी धोनी और उनके भाई की एक साथ कोई तस्वीर नजर नहीं आई। इसी कारण बहुत कम लोग यह बात जानते हैं कि धोनी के एक बड़े भाई भी हैं जिनका नाम नरेंद्र सिंह धोनी है। नरेंद्र दिग्गज क्रिकेटर से 10 साल बड़े हैं। जब धोनी की बायोपिक सामने आई तो कई लोगों का कहना था कि इस फिल्म में जानबूझकर नरेंद्र सिंह को नहीं दिखाया गया है। एमएस धोनी और नरेंद्र के रिश्तों में हमेशा तनाव की खबरें ही सामने आईं।

पहली बार साथ नजर आए दोनों भाई

लगता है अब दोनों के रिश्तों में सुधार हो गया है। धोनी की एक तस्वीर वायरल हुई जिसमें वह अपने भाई और बचपन के दोस्त के साथ फार्म में नजर आ रहे हैं। धोनी एक जैसे प्रिंट की शर्ट और पैंट में नजर आए। उनके ठीक बगल में खड़े थे नरेंद्र सिंह धोनी। सफेद टी शर्ट और नीली ट्राउजर में नरेंद्र सिंह धोनी बेहद साधारण लुक में दिखाई दे रहे थे।

फैंस ने दिए ऐसे रिएक्शन

फैंस ने इस पर अलग-अलग तरीके के रिएक्शन दिए। कुछ दोनों भाइयों को साथ में देखकर खुश थे तो कुछ का कहना था कि धोनी के भाई को पहचानना बहुत मुश्किल हैं। वहीं कुछ यूजर ये अंदाजा लगाने लगे कि शायद अब दोनों भाई एक-साथ रहने लगे हैं।