देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस पर भारतीय क्रिकेट फैंस को दो निराशाजनक खबर मिलीं। पहले शाम 7:29 बजे महेंद्र सिंह धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया। थोड़ी देर बाद यानी 8 बजकर 8 मिनट पर सुरेश रैना ने भी खुद के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी।
उन्होंने भी इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए यह ऐलान किया। सुरेश रैना ने इंस्टाग्राम पर महेंद्र सिंह धोनी के साथ एक फोटो शेयर की। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘@ mahi7781 यह आपके साथ खेलने के अलावा कुछ भी नहीं था। पूरे दिल से गर्व के साथ, आपकी इस यात्रा में मैं खुद को भी शामिल करना चाहता हूं। थैंक यू इंडिया। जय हिंद!’ महेंद्र सिंह धोनी की तरह सुरेश रैना भी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते रहेंगे।
बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना की जोड़ी ऑन और ऑफ फील्ड भी काफी चर्चित रही है। दोनों खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत से ही चेन्नई सुपरकिंग्स के साथ जुड़े हुए हैं। दोनों के बीच की दोस्ती भी काफी चर्चित है। ऐसे में दोनों का एक साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहना किसी संयोग से कम नहीं है।
महेंद्र सिंह धोनी अकेले कप्तान जिन्होंने जीतीं ICC की तीनों बड़ी ट्रॉफियां, ये रहे करियर के 5 खास पल
सुरेश रैना ने अपने क्रिकेट करियर में 18 टेस्ट मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने एक शतक के साथ 768 रन बनाए हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 226 एकदिवसीय मैच खेले हैं। इनमें रैना के नाम 5 शतक दर्ज हैं। रैना ने वनडे क्रिकेट में 5615 रन बनाए हैं। रैना ने 78 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1604 रन बनाए हैं। इनमें एक शतक भी है। सुरेश रैना क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर हैं।
महेंद्र सिंह धोनी: पल दो पल की नहीं, युगों तक याद रखी जाने वाली है कहानी
