टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों टीम का हिस्सा नहीं हैं । विश्वकप 2019 के बाद उन्होंने एक भी मुकाबला नहीं खेला है। धोनी भले ही टीम के साथ नजर नहीं आ रहे हों लेकिन वो क्रिकेट के मैदान से दूर नहीं है। अक्सर सोशल मीडिया पर वो मैदान में दिख ही जाते हैं। कभी बच्चों के साथ क्रिकेट का मजा लेते हैं तो कभी प्रैक्टिस के दौरान अपनी बल्लेबाजी का मुजायरा दिखाते हैं।
एमएस धोनी का एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो अपने दोस्तों के साथ मस्ती करते नजर आ रहे हैं। धोनी ने इस वीडियो को खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा कि इससे बचपन की यादें ताजा हो गई।
खबरों की मानें तो इस वीडियो में धोनी के दोस्त सीमांत लोहानी नजर आ रहे हैं जो आउट होने के बाद भी खुद को आउट नहीं मान रहे और तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं। धोनी ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि ‘जब आपको पता होता है कि क्या होने वाला है और आप अपना कैमरा ऑन कर देते हैं और अगले 1 मिनट में आपको वही मिल जाता है। खराब रौशनी के लिए माफी मांगता हूं लेकिन ये मजेदार था कि पहली गेंद ट्राई गेंद होती है, अंपायर का फैसला आखिरी फैसला। स्कूल के दिन याद आ गए। वो कभी इसको स्वीकार नहीं करते अगर इसका वीडियो नहीं होता। हमने क्रिकेट में कभी ना कभी ये देखा होगा। आप भी इसका मजा लीजिए।’
इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि धोनी के दोस्त पहली गेंद पर आउट हो जाते हैं उसके बाद भी वो खेलना जारी रखते हैं वहीं, दूसरी गेंद पर भी वो आउट हो जाते हैं जिसके बाद वो कहते हैं कि खराब रौशनी के चलते उन्हें गेंद नहीं दिख रही है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। बता दें कि एमएस धोनी विश्वकप के बाद सेना के साथ जुड़े थे। ट्रेनिंग के बाद अभी वो अपने होम टाउन रांची में हैं।
