MS Dhoni Retirement: अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को दो-दो बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने 74वें स्वतंत्रता दिवस की शाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को विराम दे दिया।
महेंद्र सिंह धोनी ने दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे मैच खेलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। धोनी दुनिया के इकलौते कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी के तीनों बड़े टूर्नामेंट में टीम इंडिया को चैंपियन बनाया है। धोनी ने 1998 में जूनियर क्रिकेट से शुरुआत की थी और महज 6 साल में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रख दिया। हम यहां धोनी के उन 6 खास मौकों का जिक्र करेंगे, जो उनके लिए बेहद खास रहे हैं।
2005: धोनी बांग्लादेश के खिलाफ पहली सीरीज में कुछ खास नहीं कर पाए थे। हालांकि, अपने 5वें वनडे यानी अगली सीरीज (2005) में पाकिस्तान के खिलाफ विशाखापत्तनम में 123 गेंदों पर 148 रनों की पारी खेली थी। उसके बाद से सबकी जुबान पर एक सवाल छोड़ दिया था, ‘वो लंबे बालों वाला लड़का, धोनी कौन है?’
2007: धोनी को 2007 में पहली बार भारत की टी20 टीम की कमान दी गई थी। उस समय उनके सामने कई चुनौतियां थीं। धोनी ने सभी चुनौतियों का सामना किया और पहली बार में भी टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बना दिया।
2008: महेंद्र सिंह धोनी 2008 में टेस्ट टीम के कप्तान बने। धोनी की कप्तानी में ही भारतीय टीम पहली बार टेस्ट में नंबर वन बनी। उन्होंने साल 2008 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से टेस्ट टीम की कमान संभाली थी। 2009 में ही टीम इंडिया आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहली बार नंबर वन बन गई।
2011: धोनी ने 2011 में भारत को 28 साल बाद दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप दिलाया। भारत को विश्व चैंपियन बनने में उन्होंने बतौर कप्तान ही नहीं एक खिलाड़ी के तौर भी अहम भूमिका निभाई थी। नुवान कुलाशेखरा की गेंद पर यह उनके हेलिकॉप्टर छक्के का ही कमाल था कि भारत ने वर्ल्ड कप फाइनल में श्रीलंका को 6 विकेट से हरा दिया था।
महेंद्र सिंह धोनी: पल दो पल की नहीं, युगों तक याद रखी जाने वाली है कहानी
2013: महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने पहली बार आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। तब 2013 भारत ने फाइनल में इंग्लैंड को उसी के घर (बर्मिंघम के एजबस्टन) में 5 रन से हराया था। उस मैच में रविंद्र जडेजा मैन ऑफ द मैच बने थे। जडेजा ने नाबाद 33 रन और 24 रन देकर 2 विकेट लिए थे।


